TRENDING TAGS :
Kanpur Dehat News: सपा कार्यक्रम में तिरंगे के अपमान का आरोप, पैरों तले रौंदा गया राष्ट्रीय ध्वज
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में सपा कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगा है। तिरंगा पैरों तले रौंदे जाने का वीडियो वायरल हुआ।
Kanpur Dehat News(Photo-Social Media)
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित हिंदी भवन में आयोजित समाजवादी पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगा' के अनादर का गंभीर मामला सामने आया है। एक तरफ मंच से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के शौर्य और आजादी के रण में उनकी भूमिका का बखान कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ मंच से महज दो कदम की दूरी पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को पैरों तले कुचला जा रहा था।
जयकारों के शोर में भूले तिरंगे का सम्मान
कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एक हाथ में तिरंगा और दूसरे हाथ में पार्टी का झंडा लेकर अपने-अपने नेताओं के समर्थन में जमकर नारेबाजी कर रहे थे। अपने नेताओं की जय-जयकार करने में कार्यकर्ता इस कदर मग्न थे कि नीचे गिरे राष्ट्रीय ध्वज पर लगातार उनके पैर पड़ते रहे, लेकिन किसी ने भी उसे उठाने की ज़हमत नहीं उठाई।
मीडिया का कैमरा देखते ही मची अफरा-तफरी
जैसे ही वहां मौजूद मीडियाकर्मियों की नज़र इस घटना पर पड़ी और उन्होंने कवरेज करना शुरू किया, तो बैकफुट पर आए कुछ कार्यकर्ताओं ने आनन-फानन में राष्ट्रीय ध्वज को ज़मीन से उठाया।
पार्टी ध्वज और स्वागत की मालाएं भी रौंदी गईं
लापरवाही का आलम केवल राष्ट्रीय ध्वज तक ही सीमित नहीं था। नेताओं की नारेबाजी में मसरूफ कार्यकर्ताओं को नीचे गिरा अपनी ही पार्टी का झंडा तक दिखाई नहीं दे रहा था। इतना ही नहीं, कुछ देर पहले प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में जो मालाएं उन्हें पहनाई गई थीं, वे भी मंच से नीचे फेंक दी गईं और लोगों के पैरों तले रौंदी जाती रहीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अपने नेताओं की जिंदाबाद के चक्कर में राष्ट्रीय ध्वज और पार्टी के ध्वज के इस प्रकार हुए अपमान को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। सोशल मीडिया पर इस लापरवाही को लेकर कार्यकर्ताओं के आचरण और आयोजकों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।


