TRENDING TAGS :
Kanpur: सरकारी सिस्टम की लापरवाही ने ली महिला की जान: सिकंदरा सीएचसी में एंबुलेंस न मिलने से मौत
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के सिकंदरा सीएचसी में डेढ़ घंटे तक नहीं मिली एंबुलेंस, तड़प-तड़पकर महिला की मौत; भाई दूज पर पसरा मातम।
Kanpur Dehat News
Kanpur Dehat News: जनपद कानपुर देहात के सरकारी स्वास्थ्य महकमे की एक बड़ी और दर्दनाक लापरवाही सामने आई है। सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एंबुलेंस के लिए डेढ़ घंटे तक तड़पती रही एक महिला ने समय पर इलाज न मिलने के कारण दम तोड़ दिया। भाई दूज के पवित्र त्योहार के दिन हुई इस दुखद घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं और भाई को जिंदगी भर न भूलने वाला गम दे दिया।
क्या है पूरा मामला?
कानपुर नगर के गणेश नगर (रावतपुर) निवासी ऋषि कुशवाहा सिकंदरा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में शिक्षक हैं। वह अपनी पत्नी पिंकी कुशवाहा (35) और दो मासूम बेटों—संस्कार व प्रियांशु के साथ सिकंदरा कस्बे के मालवीय नगर में किराए के मकान में रहते हैं।
सोमवार दोपहर लगभग 11 बजे पिंकी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पति ऋषि कुशवाहा आनन-फानन में उन्हें सीएचसी सिकंदरा लेकर पहुँचे। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. योगेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर होने पर लगभग एक घंटे बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर कर दिया।
एंबुलेंस का इंतजार बना काल
मृतका के पति ऋषि कुशवाहा का गंभीर आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद उन्होंने तत्काल एंबुलेंस के लिए संपर्क किया, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक कोई एंबुलेंस सीएचसी नहीं पहुँची। इलाज में देरी और एंबुलेंस न मिलने के कारण महिला की स्थिति बिगड़ती गई और उन्होंने सीएचसी परिसर में ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल में महिला की मौत होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। भाई दूज के दिन बहन की मौत की खबर सुनते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग बदहवास हो गए। शाम लगभग 4 बजे परिजन बिना किसी सरकारी मदद के निजी वाहन से शव को कानपुर स्थिति अपने पैतृक निवास ले गए।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
त्योहार के दिन हुई इस घटना ने कानपुर देहात के स्वास्थ्य महकमे के दावों की पोल खोलकर रख दी है:
इमरजेंसी सेवा 108/102 के त्वरित रिस्पॉन्स टाइम के दावों पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है।
एक शिक्षक का पूरा परिवार और दो छोटे-छोटे बच्चे पल भर में अनाथ हो गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों में स्वास्थ्य विभाग की इस घोर लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।


