Kanpur Dehat News: पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, महिला से कुंडल लूटने वाला शातिर राहुल गिरफ्तार

Kanpur Deaht News : कानपुर देहात में पुलिस मुठभेड़ के बाद महिला से कुंडल लूटने वाला शातिर बदमाश राहुल गिरफ्तार, पैर में लगी गोली।

Manoj Singh
Published on: 27 May 2026 8:25 AM IST
Kanpur Dehat News: पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, महिला से कुंडल लूटने वाला शातिर राहुल गिरफ्तार
X

Kanpur Dehat News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में थाना शिवली पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां महिला से कुंडल लूटने की घटना में वांछित चल रहे आरोपी राहुल को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चली कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में की गई। थाना शिवली पुलिस लगातार महिला से बाले लूटने की घटना में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली और चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

दरअसल 24 मई 2026 को थाना शिवली क्षेत्र के ग्राम हरदियानाला में उपले पाथ रही एक महिला के पास दो बाइक सवार युवक पहुंचे थे। दोनों ने पता पूछने के बहाने महिला को बातों में उलझाया और फिर उसके कानों से पीली धातु के बाले छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

पहले इस्माइल गिरफ्तार, राहुल था फरार

वहीं इस मामले में पुलिस ने 26 मई 2026 को पहले आरोपी इस्माइल को अपाचे बाइक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि दूसरा आरोपी राहुल लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

जिसके बाद 27 मई 2026 को पुलिस टीम रामपुर से केशरी निवादा मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की काली पल्सर बाइक से आ रहे राहुल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी घबरा गया और बाइक मोड़ने की कोशिश में फिसलकर गिर पड़ा।

पुलिस से खुद को घिरता देख राहुल ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें राहुल के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तुरंत हिरासत में लेकर सीएचसी शिवली पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।

अवैध तमंचा और लूटा गया सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, महिला से लूटा गया पीली धातु का बाला और घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की काली पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।

डेढ़ दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज

गिरफ्तार आरोपी राहुल पुत्र अतर सिंह निवासी ब्रह्मनगर कंजड डेरा, अकबरपुर, कानपुर देहात का लंबा आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है। उसके खिलाफ कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव और फतेहपुर समेत कई जिलों में करीब 20 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट और विस्फोटक अधिनियम जैसी धाराएं शामिल हैं।

मुठभेड़ और पुलिस पर फायरिंग की घटना के बाद आरोपी राहुल के खिलाफ थाना शिवली में नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story