TRENDING TAGS :
Kanpur Dehat News: रनिया ऑयल फैक्ट्री में गड्ढे में गिरने से मजदूर की मौत, मुआवजे पर बनी सहमति
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के रनिया स्थित मनटोरा ऑयल फैक्ट्री में बॉयलर पर काम करते समय गड्ढे में गिरने से मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मुआवजे को लेकर सहमति बनी।
Kanpur Dehat News(Photo-Social Media)
Kanpur Dehat News: रनिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित मनटोरा ऑयल फैक्ट्री में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बॉयलर में भूसी डालते समय पैर फिसलने से कन्वेयर के गहरे गड्ढे में गिरने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर फैक्ट्री के मुख्य गेट पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक 35 वर्षीय सत्येंद्र पिछले 9 वर्षों से इस फैक्ट्री में बतौर मजदूर ईमानदारी से काम कर रहा था। शुक्रवार को काम के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह करीब 10 फीट गहरे कन्वेयर के गड्ढे में जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
फैक्ट्री के बाहर शव रखकर प्रदर्शन और पूर्व सांसद का हस्तक्षेप
घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे और न्याय की मांग को लेकर फैक्ट्री के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख रनिया थाना प्रभारी सौरभ सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसी बीच, पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी भी मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभालते हुए फैक्ट्री प्रबंधन एवं पीड़ित परिवार के बीच मध्यस्थता कराई।
मुआवजे पर बनी सहमति
लंबी बातचीत और प्रशासनिक समझाइश के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इस दौरान मृतक की पत्नी रोशनी देवी और छोटे भाई राहुल कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


