Kanpur Dehat News: रसूलाबाद में खुले नाले ने ली 3 साल के मासूम की जान, नगर पंचायत पर उठे सवाल

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के रसूलाबाद में खुले नाले में गिरने से 3 साल के मासूम की मौत। घटना के बाद ग्रामीणों में नगर पंचायत के खिलाफ भारी आक्रोश।

Manoj Singh
Published on: 3 Aug 2026 11:40 AM IST
Kanpur Dehat News: रसूलाबाद में खुले नाले ने ली 3 साल के मासूम की जान, नगर पंचायत पर उठे सवाल
X

Kanpur Dehat News 

Kanpur Dehat News: नगर पंचायत रसूलाबाद की प्रशासनिक बेपरवाही और लापरवाही एक बार फिर एक परिवार पर कहर बनकर टूटी है। कस्बे के विकास नगर मोहल्ले में सड़क किनारे बने गहरे और खुले नाले में गिरने से 3 वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

खेलत-खेलते नाले में गिरा मासूम, मचा हड़कंप

​मिली जानकारी के अनुसार, विकास नगर निवासी राजू का 3 वर्षीय पुत्र रियांश रविवार देर रात अपने घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक सड़क किनारे बने गहरे नाले में जा गिरा। काफी देर तक जब बच्चा नजर नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जब तक परिजनों और ग्रामीणों को बच्चे के नाले में गिरने का पता चला और उसे बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम रियांश की सांसें थम चुकी थीं।

​खुले नाले को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

​घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि घर के बाहर से गुजर रहा यह नाला अत्यंत चौड़ा और गहरा है, लेकिन बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद नगर पंचायत ने इसे ढकने (पटिया रखवाने) की जहमत नहीं उठाई।

​ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा:

"यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ ही दिनों पहले इसी खुले नाले में एक भैंस गिर गई थी, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया था। इससे पहले भी कई मासूम बच्चे इसमें गिर चुके हैं, जिन्हें गनीमत रही कि समय रहते बचा लिया गया। नगर पंचायत प्रशासन से कई बार नाले को ढकने की गुहार लगाई गई, लेकिन जिम्मेदार कान में तेल डालकर सोए रहे। अगर समय रहते पटिया रख दी गई होती, तो आज 3 साल का रियांश जिंदा होता।"

​जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

​रविवार देर रात हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे रसूलाबाद क्षेत्र में मातम पसरा है। बदहवास परिजन और आक्रोशित ग्रामीण अब नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई और कस्बे के सभी जानलेवा खुले नालों को तत्काल प्रभाव से ढकने की मांग कर रहे हैं।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story