TRENDING TAGS :
Kanpur Dehat News: सड़क हादसे में घायल की मौत, पुलिस कार्रवाई से नाखुश परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर शव रखकर जाम लगाया।
Kanpur Dehat News(Photo-Social Media)
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में मुंगीसापुर-सट्टी मार्ग पर मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस कार्रवाई में देरी से नाराज परिजनों ने बुधवार सुबह शव को घटनास्थल पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। परिजनों ने हादसे को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका भी जताई।
जानकारी के अनुसार, बीबापुर निवासी सरमन का पुत्र शिवम उर्फ धीरज मंगलवार शाम आजाद गेस्ट हाउस के पास दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे पहले मुंगीसापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर अकबरपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय विजयनगर पहुंचने पर उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत के बाद शव के पोस्टमार्टम के लिए मुंगीसापुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों के मुताबिक, सरकारी वाहन भी कुछ दूर जाने के बाद वापस लौट आया और उन्हें शव घर ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन शव को घर ले जाने के बजाय घटनास्थल पर ही लेकर पहुंचे और पूरी रात वहीं बैठे रहे। परिजनों ने आरोप लगाया कि सुबह करीब आठ बजे तक भी कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत की।


