Kanpur Dehat News: सपा नेता श्यामलाल पाल का बीजेपी पर हमला, कहा- '2027 में बनेगी PDA की सरकार'

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में श्यामलाल पाल ने महंगाई, रोजगार और शिक्षा को लेकर सरकार पर सवाल उठाए, 2027 में चारों सीटों पर जीत और PDA सरकार का दावा किया। सपा ने दावा किया।

Manoj Singh
Published on: 13 Aug 2026 5:41 PM IST
SP leader Shyam Lal Pal attacks BJP, says PDA government will be formed in 2027
X

सपा नेता श्यामलाल पाल का बीजेपी पर हमला, कहा- '2027 में बनेगी PDA की सरकार' (Photo- Newstrack)

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात स्थित हिंदी भवन में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जन्म शताब्दी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा (डबल इंजन) सरकार पर जमकर निशाना साधा।

​पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि, "जो सरकार राम की नहीं हो सकी और मंदिर के चढ़ावे तक में धांधली कर गई, वह आम जनता का क्या भला करेगी?"

महंगाई, रोजगार और शिक्षा के मुद्दों पर घेरा

​सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है। किसानों को मिलने वाली यूरिया की बोरियों में वजन कम किया जा रहा है और पेट्रोल में मिलावट की शिकायतें आ रही हैं। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा को महंगा कर दिया गया है तथा आए दिन पेपर लीक जैसी घटनाएं हो रही हैं। जब युवा अपने हक के लिए आवाज उठाते हैं, तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं।



​लखनऊ-कानपुर हाईवे का दिया हवाला, भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

​श्यामलाल पाल ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने बुनियादी ढांचे के विकास पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाल ही में बना लखनऊ-कानपुर हाईवे बनते ही कई जगहों पर धंस गया और धराशायी हो गया। यह भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

​2027 में 4-0 से जीत का दावा

आगामी विधानसभा चुनावों पर बात करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि 2027 के चुनाव में कानपुर देहात की चारों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे। अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story