Kanpur: कानपुर में यातायात माह का शुभारंभ, मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने दिखाई जागरूकता वाहन को हरी झंडी

Kanpur News: कानपुर देहात में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ राज्य मंत्री, डीएम और एसपी ने किया।इस दौरान जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया और लोगों को हेलमेट वितरित कर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

Manoj Singh
Published on: 2 Nov 2026 4:13 PM IST
Kanpur: कानपुर में यातायात माह का शुभारंभ, मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने दिखाई जागरूकता वाहन को हरी झंडी
X

Kanpur News

Kanpur News: जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। अकबरपुर स्थित लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय संतोष शुक्ल बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय की गई छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की।उन्होंने कहा कि वाहन हमेशा निर्धारित गति सीमा में चलाना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने और नशे की हालत में ड्राइविंग करने से बचना चाहिए। साथ ही लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए हेलमेट वितरित किए गए। वहीं, यातायात नियमों का संदेश जनपद के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता वाहन को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंकित शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जय गोविंद, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, यातायात पुलिसकर्मी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ यातायात नियमों का पालन करना चाहिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story