TRENDING TAGS :
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में बारिश बनी आफत, कच्ची दीवार गिरने से मासूम की मौत, बहन घायल
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के सिहोरा गांव में बारिश के चलते कच्ची दीवार गिरने से 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी 5 वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Kanpur News
Kanpur Dehat News: जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सिकंदरा तहसील क्षेत्र के अमराहट थाना अंतर्गत सिहोरा गांव में कच्ची दीवार गिरने से 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी 5 वर्षीय चचेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
स्कूल से लौटने के बाद खेल रहे थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, सिहोरा गांव निवासी 7 वर्षीय निखिल और उसकी चचेरी बहन निशा (5 वर्ष) स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटे थे। दोनों बच्चे घर के पास खेल रहे थे, तभी अचानक एक पुरानी कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई।दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। हादसे में निखिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निशा गंभीर रूप से घायल हो गई।ग्रामीणों ने घायल बच्ची को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है।
जर्जर दीवार को लेकर पहले भी दी गई थी सूचना
घटना के बाद मृतक निखिल के बाबा लक्ष्मीनारायण ने बताया कि जिस मकान की दीवार गिरी, वह काफी समय से जर्जर और खतरनाक स्थिति में थी। आरोप है कि मकान मालिक एकलव्य पुत्र शालिग्राम को कई बार दीवार ठीक कराने या हटवाने के लिए कहा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।परिजनों का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में स्थानीय प्रशासन को भी जानकारी दी थी, लेकिन समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। परिवार ने हादसे के लिए मकान मालिक की लापरवाही और प्रशासनिक अनदेखी को जिम्मेदार ठहराया है।मासूम निखिल की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश है।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।


