Kanpur Dehat News: रसूलाबाद में अनियंत्रित पिकअप नहर में गिरी, दो लोग घायल, हाइड्रा से निकली

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के रसूलाबाद में अनियंत्रित पिकअप ने दो लोगों को टक्कर मार दी और नहर में जा गिरी। पुलिस ने हाइड्रा से वाहन बाहर निकाला, घायलों का इलाज जारी है।

Manoj Singh
Published on: 16 Aug 2026 9:13 PM IST
two injured in uncontrolled pickup canal in Rasulabad
X

रसूलाबाद में अनियंत्रित पिकअप नहर में गिरी, दो लोग घायल, हाइड्रा से निकली (Photo- Newstrack)

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में बन्दरहा नहर पुल के पास तेज रफ्तार पिकअप के अनियंत्रित होकर नहर में गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में सब्जी खरीदने आए दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।

अचानक बैक हुई पिकअप, लोगों को टक्कर मारते हुए नहर में गिरी

बन्दरहा नहर पुल के पास उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर अचानक बैक हो गई। पिकअप ने पास में खड़े लोगों को टक्कर मार दी और इसके बाद सीधे नहर में जा समाई। हादसे के दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में सब्जी खरीदने आए दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।



पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू कराया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी आलोक चौधरी और रसूलाबाद कोतवाल शिव नारायण सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए तत्काल राहत और बचाव का काम शुरू कराया। नहर में गिरी पिकअप को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलवाई गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद पिकअप को नहर से बाहर निकलवाया गया।

पिकअप के नीचे बाइक और लोगों के दबे होने की फैली थी आशंका

हादसे के बाद ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के बीच यह आशंका फैल गई कि नहर में गिरी पिकअप के नीचे दो लोग और एक बाइक दबे हो सकते हैं। इस सूचना के बाद मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नहर में सघन खोजबीन कराई।

हाइड्रा की मदद से पिकअप को नहर से बाहर निकालने और जांच पूरी करने के बाद पुलिस को नहर में न तो कोई बाइक मिली और न ही कोई व्यक्ति पिकअप के नीचे दबा हुआ पाया गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल दोनों लोगों को पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां दोनों का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने नहर से बाहर निकाली गई पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर देहातkanpurdehatmanojsingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story