TRENDING TAGS :
Kanpur Dehat News: कारसेवक गोलीकांड पर साध्वी निरंजन ज्योति ने अखिलेश यादव से जवाब मांगा
Kanpur Dehat News: साध्वी ने सनातन पांडेय के बयान पर आपत्ति जताई। अखिलेश यादव से सांसद का बयान वापस लेने और माफी मंगवाने या पिता के फैसले पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग भी की है।
कारसेवक गोलीकांड पर साध्वी निरंजन ज्योति ने अखिलेश यादव से जवाब मांगा (Photo- Newstrack)
Kanpur Dehat News: राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर गोली चलवाने के फैसले को सही ठहराने वाले सपा सांसद सनातन पांडेय के बयान पर सियासी विवाद तेज हो गया है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने इस बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि सपा सांसद का बयान उन परिवारों के जख्मों को कुरेदने जैसा है, जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन के दौरान गोलीकांड में अपने बेटों और पतियों को खोया था।
अखिलेश यादव से साध्वी निरंजन ज्योति ने मांगा जवाब
कानपुर देहात जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर मूसानगर स्थित अपने आश्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय के बयान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
साध्वी ने कहा कि अखिलेश यादव या तो अपने सांसद के बयान का खंडन करें और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाएं, या फिर यह स्वीकार करें कि उनके पिता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने कारसेवकों पर गोली चलवाने का जो फैसला लिया था, उसे वह आज भी सही मानते हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को चुप रहने के बजाय जवाब देना चाहिए।
पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा बयान
साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान हुई गोलीबारी में कई परिवारों ने अपने बेटों और पतियों को खोया था। ऐसे में सपा सांसद सनातन पांडेय का बयान उन परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। इस तरह की बयानबाजी से उन लोगों की भावनाएं आहत होती हैं, जिन्होंने उस घटना में अपने परिजनों को खोया था। उन्होंने इस बयान को बेहद दुखद और आहत करने वाला बताया।
संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी नतीजों पर भी उठाए सवाल
बातचीत के दौरान साध्वी ने 2024 के लोकसभा चुनाव परिणामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीटें जीती हैं। वहीं तेलंगाना, कर्नाटक और केरल जैसे राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं। इसके बावजूद संवैधानिक संस्थाओं और पीठ पर सवाल उठाना तथा भ्रामक बयान देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजों के बाद इस तरह की बयानबाजी नहीं होनी चाहिए।
दिवाली और ईद की तुलना पर मल्लिकार्जुन खड़गे को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से दिवाली की तुलना ईद से किए जाने पर भी साध्वी निरंजन ज्योति ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि दिवाली भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाने वाला प्रकाश पर्व है। ऐसे में किसी एक त्योहार की तुलना दूसरे त्योहार से करना उचित नहीं है। हर त्योहार का अपना महत्व और अलग मान्यता होती है।
राम मंदिर आंदोलन का विवाद फिर चर्चा में
मूसानगर आश्रम से साध्वी निरंजन ज्योति के इस बयान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर आंदोलन के दौरान हुई कारसेवकों पर गोलीबारी की घटना को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में हुए इस गोलीकांड को लेकर सपा सांसद सनातन पांडेय के बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। साध्वी ने इस पूरे मामले में अखिलेश यादव से स्पष्ट जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि उन्हें तय करना चाहिए कि वह अपने सांसद के बयान के साथ हैं या अपने पिता के फैसले को आज भी सही मानते हैं।


