TRENDING TAGS :
Kanpur Dehat News: पांच वर्षीय बच्चे का शव झाड़ियों में मिला, युवक हिरासत में, पुलिस ने तेज की जांच
Kanpur Dehat News: सिकंदरा क्षेत्र के देवीपुर गांव में लापता 5 वर्षीय बच्चे का शव झाड़ियों में मिला। परिजनों की शिकायत पर एक युवक हिरासत में है, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पांच वर्षीय बच्चे का शव झाड़ियों में मिला, युवक हिरासत में, पुलिस ने तेज की जांच (मृतक बच्चे की फोटो) (Photo- Newstrack)
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के देवीपुर गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां हुकूम सिंह और उनकी पत्नी विमलेश देवी के पांच वर्षीय इकलौते बेटे का शव गांव से कुछ दूरी पर झाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे को खोने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
कपड़े लेने गई मां, पीछे से लापता हो गया बच्चा
मृतक बच्चे की मां विमलेश देवी ने बताया कि बीती दो तारीख की शाम उन्होंने अपने बेटे को नहलाया-धुलाया था। इसके बाद वह उसके लिए कपड़े लेने घर के अंदर चली गईं। इसी दौरान बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, लेकिन कुछ ही देर में वह अचानक लापता हो गया। परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बाद में गांव के ही एक संदिग्ध युवक की निशानदेही पर बच्चे का शव गांव के पास झाड़ियों में पड़ा मिला।
गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका
मासूम का शव मिलने के बाद परिजनों का दुख और बढ़ गया। परिवार का कहना है कि बच्चे की गर्दन पर चोट और दबाव के निशान दिखाई दिए हैं। इसी आधार पर उन्होंने आशंका जताई है कि किसी ने गला दबाकर उसकी हत्या की है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
आरोपी हिरासत में, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि
क्षेत्राधिकारी सिकंदरा सौरभ कुमार वर्मा ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में मृतक बच्चे के पिता हुकूम सिंह, मां विमलेश देवी और क्षेत्राधिकारी सिकंदरा सौरभ कुमार वर्मा की बाइट भी सामने आई है।


