TRENDING TAGS :
इधर से न जाएं! धनतेरस पर बाजार जाने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक प्लान, इन रास्तों पर नहीं मिलेगी एंट्री
Kanpur News: 6 से 8 नवंबर तक दोपहर एक से रात 12 बजे तक बदले रहेंगे रास्ते, सराफा बाजार, नयागंज, पीरोड और गोविंद नगर जाने से पहले पढ़ें ट्रैफिक प्लान।
धनतेरस पर बाजार जाने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक प्लान, इन रास्तों पर नहीं मिलेगी एंट्री (Photo- Social Media)
Kanpur News: धनतेरस और दीपावली पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर का ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। तीन दिन तक शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त चौराहों के आसपास वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी। छह, सात और आठ नवंबर को दोपहर एक बजे से रात 12 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान बिरहाना रोड के सराफा बाजार से लेकर नयागंज, दवा मार्केट, मूलगंज, पीरोड और गोविंद नगर बाजार तक पहुंचने के लिए वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। कई मार्गों पर चार पहिया और बड़े वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यातायात पुलिस ने छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की है, ताकि लोग वाहन खड़ा कर पैदल बाजार पहुंच सकें।
सराफा बाजार जाना है तो फूलबाग में खड़ा करें वाहन
फूलबाग चौराहे से बिरहाना रोड की तरफ जाने वाले वाहन सराफा बाजार में सवारी उतारने के तुरंत बाद बिरहाना रोड पर नहीं रुकेंगे। उन्हें निरंजन ज्वैलर्स चौराहा, सिरकी मोहाल चौकी चौराहा और एक्सप्रेस रोड होते हुए नरोना चौराहा पहुंचना होगा। यहां से फूलबाग पार्किंग या पनचक्की पार्किंग में वाहन खड़े किए जा सकेंगे। बिरहाना रोड पर किसी भी वाहन की पार्किंग नहीं होगी।सराफा बाजार में भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने पर फूलबाग चौराहे से बिरहाना रोड की तरफ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में लोगों को निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल बाजार जाना होगा।
नयागंज और दवा मार्केट से बिरहाना रोड जाने पर रोक
घंटाघर चौराहे से नयागंज और दवा मार्केट होते हुए बिरहाना रोड की तरफ कोई वाहन नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहनों को एक्सप्रेस रोड से नरोना और फूलबाग चौराहा होते हुए जाना होगा। नयागंज और दवा मार्केट के स्थानीय वाहन, जिन्हें सिरकी मोहाल जाना है, वे सिरकी मोहाल चौकी चौराहा से एक्सप्रेस रोड और नरोना चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
बड़ा चौराहा और मूलगंज में भी बदलेगा रास्ता
जेड स्क्वायर मॉल और बड़ा चौराहा पर भीड़ या जाम की स्थिति में मेघदूत तिराहे से दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को बड़े चौराहे की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन मेघदूत तिराहे से डीएवी रोड होकर निकलेंगे। कोतवाली चौराहे से मूलगंज की तरफ कोई वाहन नहीं जा सकेगा। वाहन चालकों को क्रिस्टल पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल बाजार जाना होगा।रॉकेट तिराहे से नरोना चौराहे की तरफ जाने वाले वाहन दाहिने मुड़कर जयपुरिया पुल और पनचक्की चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पीरोड जाने वालों को करना होगा रास्ता बदलकर सफर
रामबाग चौराहे से पीरोड पर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन रामबाग चौराहे से दाहिने मुड़कर ब्रह्मनगर चौराहे से निकलेंगे। जरीब चौकी चौराहे से सीसामऊ की ओर से आने वाले वाहन भी पीरोड की तरफ नहीं जा सकेंगे। उन्हें टेनरी चौराहे से अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
गोविंद नगर बाजार में चार पहिया वाहनों की नो एंट्री
चावला चौराहे से कोई भी चार पहिया वाहन गोविंद नगर मार्केट की तरफ नहीं जा सकेगा। मलिक पेट्रोल पंप और सीटीआई तिराहे के पास से भी गोविंद नगर मार्केट की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मेला डेयरी से भी कोई वाहन गोविंद नगर मार्केट की तरफ नहीं जा सकेगा।
कल्याणपुर-पनकी मार्ग पर भी लागू रहेगा डायवर्जन
कल्याणपुर क्रॉसिंग से पनकी की तरफ कोई वाहन नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहन गोवा गार्डन से बाएं मुड़कर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। सीएनजी पेट्रोल पंप से कल्याणपुर क्रॉसिंग की तरफ जाने वाले वाहन दाहिने मुड़कर बगिया क्रॉसिंग से निकलेंगे। पनकी नहर से कोई भी बड़ा वाहन कल्याणपुर क्रॉसिंग की तरफ नहीं जा सकेगा।
यहां खड़े कर सकेंगे अपने वाहन
यातायात पुलिस ने बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों के लिए छह पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
* नानाराव पार्क के अंदर।
* फूलबाग अंडरग्राउंड पार्किंग।
* मल्टीस्टोरी पार्किंग, पनचक्की।
* एलआईसी बिल्डिंग में पार्किंग।
* क्रिस्टल पार्किंग, कारसेट चौराहा।
* न्यू बसंत टॉकीज के पीछे सेंट्रल पार्क।
परेशानी होने पर इन नंबरों पर करें फोन
यातायात पुलिस ने लोगों से डायवर्जन का पालन करने और सड़क पर वाहन खड़ा न करने की अपील की है। यातायात संबंधी परेशानी होने पर इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
* ट्रैफिक कंट्रोल रूम : 9305104340
* ग्रीन कॉरिडोर सेल : 9454402413
* ट्रैफिक हेल्पलाइन : 9305104387


