TRENDING TAGS :
स्कूल बस में मची चीख-पुकार, डंपर की टक्कर से महिला टीचर की मौत
Kanpur School Bus Accident: कानपुर के बिधनू में कानपुर-सागर हाईवे पर मोरंग बालू लदे डंपर ने स्कूल बस को टक्कर मार दी। हादसे में महिला शिक्षिका की मौत हुई, जबकि छात्र और शिक्षक घायल हुए।
Kanpur School Bus Accident
Kanpur School Bus Accident: कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में कानपुर-सागर हाईवे पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोरंग बालू लदे एक बेकाबू डंपर ने स्कूल बस को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि तीन छात्र और दो शिक्षिकाएं घायल हुए हैं।
यह स्कूल बस घाटमपुर के मूसानगर रोड स्थित चीना पब्लिक स्कूल की है। बस गांधी जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिक्षक और छात्रों को लेकर स्कूल जा रही थी। बस में करीब 35 से 36 लोग सवार थे, जिनमें छात्र-छात्राओं के साथ स्कूल का स्टाफ भी शामिल था।
हरबसपुर गांव के पास हुआ हादसा
स्कूल बस के चालक अर्जुन श्रीवास्तव के मुताबिक, गांधी जयंती कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नौबस्ता क्षेत्र से शिक्षक और छात्र बस में सवार होकर स्कूल की ओर जा रहे थे। बस जैसे ही कानपुर-सागर हाईवे पर हरबसपुर गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने बस को टक्कर मार दी।
अर्जुन ने बताया कि सामने से तेज रफ्तार में डंपर आता देखकर उन्होंने बस को बचाने के लिए सड़क से नीचे उतारने का प्रयास किया। इसके बावजूद डंपर ने बस के साइड और पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से बस के शीशे टूटे
टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल बस की खिड़कियों के शीशे टूटकर अंदर बिखर गए। हादसे के तुरंत बाद बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में बस में बैठे कई लोगों को चोटें आईं।
बस की पिछली सीट पर खिड़की के पास बैठीं विज्ञान की शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं। खिड़की का कांच टूटने के कारण उनके सिर में गहरे घाव हो गए थे। साथी शिक्षकों ने उन्हें तत्काल बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कई छात्र भी घायल
इस एक्सीडेंट में बिनगवां निवासी कक्षा-7 के छात्र रौनक वर्मा की आंखों में कांच के टुकड़े लग गए। इसके अलावा कक्षा-5 में पढ़ने वाला उसका भाई कनिष्क, नौबस्ता निवासी कक्षा-5 की छात्रा मैत्री, गल्लामंडी निवासी कक्षा-11 की छात्रा सुहानी और मछरिया निवासी कक्षा-10 का छात्र कुशाग्र भी घायल हुए हैं।
घायलों में तौधकपुर निवासी शिक्षिका अंजू रीता (37) और जूही लाल कॉलोनी निवासी शिक्षक हिमांशु यादव (30) भी शामिल हैं। उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
वहीं, सागरपुरी निवासी अर्पित दीक्षित (25), दुर्गा चौहान (37), निखलेश्वर बाजपेई (47) और छात्र रौनक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया।
शिक्षिका की मौत की खबर सुनकर प्रिंसिपल हुईं बेसुध
जब हादसे की जानकारी स्कूल की प्रिंसिपल शुभांगी सिंह को मिली तो वह बिधनू सीएचसी पहुंचीं। यहां शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव की मौत की खबर सुनते ही वह बेसुध हो गईं।
डंपर कब्जे में, जांच शुरू
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। शिक्षिका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


