Kanpur News: छत गिरने से सास, बहू और 20 दिन के मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Kanpur News: पनकी पड़ाव में कच्ची कोठरी की छत गिरने से तीनों मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

Avanish Kumar
Published on: 8 Nov 2026 12:39 PM IST
roof collapse
X

छत गिरने से सास, बहू और 20 दिन के मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम (Photo- Newstrack)

Kanpur News: कानपुर, पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार को एक दर्दनाक हादसे में कच्ची छत गिरने से एक ही परिवार की तीन जिंदगियां खत्म हो गईं। पनकी पड़ाव में मकान की कच्ची छत भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला, उनकी 28 वर्षीय बहू और महज 20 दिन के नवजात की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला और सीएचसी कल्याणपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पानी के रिसाव से छत कमजोर होने की आशंका है।

कच्ची कोठरी में मौजूद थीं तीनों, अचानक भरभराकर गिरी छत

पनकी पड़ाव निवासी हर्ष शुक्ला उर्फ रामजी स्टील अथॉरिटी में काम करते हैं। परिवार में उनकी 28 वर्षीय पत्नी अंशिका शुक्ला, 65 वर्षीय दादी विनोदिनी शुक्ला और 20 दिन का बेटा आरव शुक्ला था। रविवार को अंशिका अपने नवजात बेटे आरव और दादी विनोदिनी के साथ घर के एक तरफ बनी कच्ची कोठरी में मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक कोठरी की कच्ची छत भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। तीनों मलबे में दब गए।

स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर तीनों को निकाला

हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कल्याणपुर लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस कार्रवाई को लेकर सामने आई अलग-अलग जानकारी

परिजनों ने शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। डॉक्टरों की ओर से पुलिस को सूचना देने की बात कहे जाने पर परिजन तीनों के शव लेकर अस्पताल से चले गए।हालांकि, बाद में पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के पहुंचने बाद तीनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पानी के रिसाव से कमजोर हुई थी छत

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मकान की कच्ची छत पानी के रिसाव के कारण कमजोर होकर गिरने की आशंका है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक जांच और अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

Avanish Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Avanish Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर नगरavavnish.kumar1986@gmail.com
Next Story