TRENDING TAGS :
कानपुर में बड़ा हादसा: कच्ची छत गिरने से सास-बहू और 20 दिन के मासूम की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख
कानपुर के पनकी पड़ाव में कच्ची छत गिरने से सास, बहू और 20 दिन के नवजात की मौत हो गई। हादसे में हर्ष शुक्ला घायल हुए। सीएम योगी ने अधिकारियों को राहत और सहायता के निर्देश दिए।
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पनकी पड़ाव इलाके में एक मकान की कच्ची छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय घर में मौजूद सास, बहू, 20 दिन का नवजात बच्चा और परिवार का एक अन्य सदस्य मलबे में दब गए। इस हादसे में सास, बहू और नवजात बच्चे की मौत हो गई, जबकि महिला के पति हर्ष शुक्ला घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और बचाव दल की मदद से राहत-बचाव अभियान चलाया। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मलबे में दबा पूरा परिवार, पड़ोसियों ने चलाया रेस्क्यू
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच हुआ। उस समय विनोदिनी शुक्ला (60) घर में कुर्सी पर बैठी थीं, जबकि उनकी बहू अंशिका शुक्ला (28) अपने 20 दिन के बेटे आरव को दूध पिला रही थीं। इसी दौरान बांस की बल्लियों के सहारे बनी कच्ची छत अचानक ढह गई। छत का मलबा सीधे परिवार के सदस्यों पर आ गिरा।
अचानक हुई इस घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकालने में जुट गए। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने भी स्थानीय लोगों के साथ राहत-बचाव अभियान चलाया। चारों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विनोदिनी, अंशिका और मासूम आरव को मृत घोषित कर दिया। हर्ष शुक्ला का इलाज जारी है।
दो साल पहले हुई थी शादी, 20 दिन पहले गूंजी थी किलकारी
हादसे का शिकार हुआ परिवार पनकी पड़ाव इलाके में रहता है। अवधेश शुक्ला अपने बेटों हर्ष और राजू के साथ यहां रहते हैं। हर्ष स्टील अथॉरिटी कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी शादी करीब दो साल पहले अंशिका से हुई थी। 20 दिन पहले ही घर में बेटे के जन्म से खुशियों का माहौल था, लेकिन एक हादसे ने परिवार की तीन जिंदगियां छीन लीं।
जिस घर में कुछ दिन पहले नवजात के आने की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
कानपुर की इस घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने तीन लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और पीड़ित परिवार से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायल हर्ष शुक्ला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।
छत गिरने की वजह की जांच में जुटा प्रशासन
हादसे के बाद मकान की छत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती रिपोर्टों में मकान की छत को जर्जर और कच्चा बताया गया है, हालांकि छत ढहने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


