UP News: कांवड़िए गुंडे और माफिया है' पर गरमाई यूपी की सियासत! स्वामी प्रसाद मौर्य के घर पर गंगा जल लेकर पहुंचे हिन्दू संगठन, बोले- 'शुद्धिकरण जरूरी'

UP News: इसी बीच कावड़ियों को लेकर अपनी जनता पार्टी प्रमुख स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर से दिए गए बयान से प्रदेश का सियासी पारा चढ़ना शुरू हो गया है।

Hemendra Tripathi
Published on: 24 July 2025 11:27 AM IST
X

UP News: उत्तर प्रदेश में कावड़ियों को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच कावड़ियों को लेकर अपनी जनता पार्टी प्रमुख स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर से दिए गए बयान से प्रदेश का सियासी पारा चढ़ना शुरू हो गया है। कांवड़ियों को गुंडे और माफिया कहने के बाद हिंदू संगठनों का गुस्सा स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ गुरुवार को भड़क उठा। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ता गंगाजल और पोस्टर लेकर उनके घर के बाहर पहुंच गए और शुद्धिकरण करने की मांग करने लगे।

मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोका और हिरासत में लेकर इको गार्डन धरना स्थल भेज दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन भी हुआ। मौर्य ने अपने बयान को सही ठहराते हुए योगी सरकार पर हमला बोला और कहा कि दलित, वंचित, अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है जबकि माफिया सत्ता संरक्षण में खुले घूम रहे हैं।

कांवड़ियों पर मौर्य की टिप्पणी से मचा बवाल

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कुछ समय पहले कांवड़ यात्रा पर विवादित बयान देते हुए कहा था कि कांवड़ियों के वेश में गुंडे और माफिया उपद्रव कर रहे हैं, ये लोग सत्ता से संरक्षित हैं। भोलेनाथ के भक्त कभी हिंसक नहीं हो सकते। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और कई हिंदू संगठनों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई।

गंगाजल लेकर पहुंचे कार्यकर्ता, पुलिस ने रोका

विश्व हिंदू रक्षा परिषद से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता गुरुवार को मौर्य के लखनऊ स्थित आवास के बाहर पहुंचे। उनका कहना था कि स्वामी प्रसाद मौर्य हिंदू होकर भी हिंदू धर्म और परंपराओं का अपमान कर रहे हैं। ऐसे व्यक्ति के आवास का गंगाजल से शुद्धिकरण जरूरी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोक लिया और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।

मौर्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी

प्रदर्शनकारियों ने इको गार्डन पहुंचकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उनका आरोप था कि मौर्य बार-बार हिंदू धर्म के खिलाफ जहर उगलते हैं और ऐसे व्यक्ति को पार्टी में बनाए रखना समाज के लिए खतरनाक संदेश है। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब हिंदू लड़कियों के साथ अन्याय होता है, तब मौर्य चुप रहते हैं लेकिन कांवड़ियों को अपमानित करने में उन्हें कोई हिचक नहीं होती।

मौर्य का पलटवार: सत्ता संरक्षण में पल रहे माफिया

इस विवाद पर मौर्य ने सफाई देते हुए कहा कि मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। कांवड़ यात्रा की आड़ में कुछ लोग माहौल बिगाड़ रहे हैं, जिन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। साथ ही उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा दलित, वंचित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों के घर तोड़े जा रहे हैं, उनके बच्चों की शिक्षा छीनी जा रही है। जबकि सत्ता के माफिया खुलेआम घूम रहे हैं।

सियासी गर्मी तेज, माहौल और बयानबाज़ी दोनों गरम

स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान और उसके बाद हुए प्रदर्शन ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।एक ओर हिंदू संगठन उन्हें देशद्रोही और हिंदू विरोधी बता रहे हैं, वहीं मौर्य खुद को पिछड़े, दलित और वंचितों की आवाज बताते हुए सरकार के खिलाफ साजिश का शिकार बता रहे हैं। यह मामला आने वाले दिनों में और गरमाने की संभावना है क्योंकि अब यह मुद्दा सिर्फ धार्मिक नहीं, राजनीतिक मोड़ भी ले चुका है।

1 / 8
Your Score0/ 8
Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story