TRENDING TAGS :
भविष्य में चुनाव नहीं...UP Election 2027 को लेकर Akhilesh Yadav का बड़ा दावा
Akhilesh on UP Election: उत्तर प्रदेश के कासगंज में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर बिहार और पश्चिम बंगाल चुनावों में बेईमानी का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यदि उत्तर प्रदेश में भी ऐसा हुआ तो भविष्य में चुनाव होना मुश्किल हो जाएगा। साथ ही 2027 में सपा सरकार बनने का भरोसा जताया।
Akhilesh on UP Election: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों में बेईमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि, यदि इसी तरह की स्थिति उत्तर प्रदेश में भी पैदा की गई तो भविष्य में चुनाव होना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है और विपक्ष को चुनावी प्रक्रिया से बाहर करने की कोशिश कर रही है।
कासगंज के सोरों गेट स्थित उर्मिला गार्डन के उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों में जिस तरह की बेईमानी हुई है, यदि वही लूट और बेईमानी उत्तर प्रदेश में भी दोहराई गई तो उसके बाद देश में कभी चुनाव नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां लोकतंत्र और संविधान की भावना के खिलाफ हैं।
महिलाओं के आरक्षण में राजनीति का आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा की संरचना को अपने राजनीतिक हितों के अनुसार ढालना चाहती है। उनका आरोप था कि भाजपा ऐसी लोकसभा चाहती है जिसमें विपक्ष के नेता चुनाव जीतकर सदन तक न पहुंच सकें।
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का भी मुद्दा उठाया। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा इस प्रक्रिया के नाम पर वोट काटने की तैयारी कर रही थी, लेकिन अब विपक्ष पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करने का आह्वान किया ताकि किसी भी मतदाता का नाम सूची से हटाया न जा सके।
मतदाता सूची की जांच की मांग
जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों की जांच से भाजपा की वास्तविकता सामने आ जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए वर्ग के अधिकारों का हनन किया है और आरक्षण व्यवस्था को कमजोर किया है।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है और वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। इस दौरान उन्होंने फर्जी मुठभेड़ों का मुद्दा भी उठाया और कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
भाजपा को लेकर बड़ा दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव में खुली बेईमानी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को नहीं मानती है। उनका कहना था कि यदि भाजपा की मंशा पूरी हो गई तो देश में चुनाव ही नहीं होंगे।
उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के समय एटा में बड़ा बिजली संयंत्र स्थापित किया गया था और क्षेत्र में सड़क निर्माण समेत कई विकास कार्य कराए गए थे। इसके विपरीत भाजपा शासन में महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ा है तथा किसान लगातार परेशान हो रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं पर कसा तंज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि वर्ष 2017 से पहले इस क्षेत्र की कोई पहचान नहीं थी, जबकि उनकी खुद की पहचान भी 2017 से पहले नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के विकास के लिए हमेशा समाजवादियों ने काम किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार द्वारा शुरू की गई 108 एंबुलेंस सेवा और महिलाओं के लिए 102 एंबुलेंस सेवा भाजपा शासन में बदहाल हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में न तो पर्याप्त इलाज मिल रहा है, न डॉक्टर उपलब्ध हैं और न ही मरीजों को जरूरी दवाएं मिल पा रही हैं।
मिलावटी पेट्रोल का उठाया मुद्दा
सभा में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में मिलावटी पेट्रोल बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की राय एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के पक्ष में नहीं है। साथ ही उन्होंने बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा सरकार की आर्थिक और विदेश नीति को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान प्राथमिक विद्यालय लगातार बंद हो रहे हैं, जबकि शराब की दुकानों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यह कैसी व्यवस्था है जिसमें स्कूल बंद हो रहे हैं और शराब की दुकानें खुल रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का अपना वादा पूरा नहीं कर सकी और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी भी नहीं मिल पाई।
किसानों और युवाओं के साथ छल का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में किसानों और युवाओं दोनों के साथ छल हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के वर्षों में लगभग हर बड़ी प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हुआ है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।
उन्होंने नीट विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले से लाखों छात्र प्रभावित हुए और कई युवाओं ने निराशा में अपनी जान तक गंवा दी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है और सरकार उनकी समस्याओं के समाधान में विफल रही है।


