TRENDING TAGS :
Kasganj News: जमीन विवाद को लेकर मारपीट और फायरिंग, गांव में तनाव
Kasganj News: ढकपुरा गांव में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने और फायरिंग की सूचना, एसपी-एएसपी मौके पर पहुंचे, घायलों को अस्पताल भेजा, वायरल वीडियो की जांच जारी।
जमीन विवाद को लेकर मारपीट और फायरिंग, गांव में तनाव (Photo- Newstrack)
Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में जमीन को लेकर चल रहा विवाद दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। पटियाली थाना क्षेत्र के ढकपुरा गांव में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी-डंडे चलने के साथ कई राउंड फायरिंग होने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति के हाथ में तमंचा दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
जमीन के विवाद में बढ़ा मामला, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
जानकारी के मुताबिक, ढकपुरा गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान फायरिंग होने की सूचना भी सामने आई है। वायरल वीडियो में प्रेम प्रताप के हाथ में तमंचा दिखाई देने की बात कही जा रही है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुलिस जांच कर रही है।
एसपी और एएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही कासगंज के एसपी ओमप्रकाश सिंह और एएसपी आलोक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। कुछ घायलों को जिला अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, किसी भी घायल की हालत अत्यधिक गंभीर नहीं है।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मौके पर जांच-पड़ताल के बाद एसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि ढकपुरा गांव एटा और कासगंज जिले की सीमा पर स्थित है और पटियाली कोतवाली की दरियावगंज चौकी के अंतर्गत आता है। यहां किसी मामले को लेकर दो पक्षों में विवाद और गोलीबारी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय अधिकारी और पुलिस बल समय रहते मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
एसपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने और अराजकता फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है।


