TRENDING TAGS :
Kasganj News: कासगंज में भूमाफियाओं का कब्जा, किसान दर-दर भटकने को मजबूर
Kasganj News: योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल, कासगंज में दबंगों ने किसान की जमीन पर किया कब्जा, पुलिस पर संरक्षण देने का आरोप
कासगंज में भूमाफियाओं का कब्जा, किसान दर-दर भटकने को मजबूर (Photo- Newstrack)
Kasganj News: उत्तर प्रदेश में सरकार लगातार भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जीरो टॉलरेंस नीति की बात करती रही है, लेकिन जनपद कासगंज से सामने आया मामला इस दावे पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यहां एक पीड़ित किसान अपनी ही जमीन बचाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है, जबकि आरोप है कि स्थानीय पुलिस ही दबंगों को संरक्षण दे रही है।
किसान की जमीन पर दबंगों का कब्जा
मामला कासगंज जिले के सोरों थाना क्षेत्र के ग्राम पचलाना का है, जहां के निवासी पीड़ित किसान रविंद्र कुमार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने उसकी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है।
पीड़ित के अनुसार, नत्थू सिंह यादव, दिनेश यादव, ज्वाली और सुरेंद्र नाम के व्यक्तियों ने उसकी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया। ये सभी लोग पहले से ही गंभीर मामलों में आरोपी बताए जा रहे हैं, जिन पर गुंडा एक्ट और जिला बदर जैसी धाराएं भी लग चुकी हैं।
पुलिस पर संरक्षण देने का आरोप
पीड़ित किसान का आरोप है कि उसने डायल 112 और स्थानीय चौकी पचलाना पुलिस को कई बार शिकायत दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बताया गया कि पुलिस मौके पर तो पहुंची, लेकिन दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनके घर जाकर बैठ गई और बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट आई। इससे पीड़ित का भरोसा पुलिस व्यवस्था से उठता जा रहा है।
चार दिन से अधिकारियों के चक्कर लगा रहा किसान
पीड़ित किसान पिछले चार दिनों से अपनी जमीन की फर्द लेकर अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रहा है। वह लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है, लेकिन अभी तक कोई राहत नहीं मिली है।
पीड़ित ने बताया कि उसके परिवार में माता-पिता और भाई कोई नहीं हैं, वह अकेला है। इसी का फायदा उठाकर दबंग उस पर दबाव बना रहे हैं और उसकी जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं।
फर्जी मुकदमों में फंसाने का भी आरोप
किसान का यह भी आरोप है कि दबंगों ने उसे डराने और दबाव बनाने के लिए उसके खिलाफ दो फर्जी मुकदमे भी दर्ज करा दिए हैं। इससे उसकी स्थिति और भी कमजोर हो गई है और वह प्रशासन से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।
पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
आखिरकार पीड़ित किसान ने पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जानकारी दी और न्याय की मांग की है।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या वास्तव में भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते हैं या फिर पीड़ित को यूं ही भटकना पड़ेगा।
जीरो टॉलरेंस नीति पर उठते सवाल
यह मामला उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की जमीनी हकीकत को उजागर करता है। एक तरफ सरकार भूमाफियाओं पर कार्रवाई की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामलों में स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
अगर समय रहते इस मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं होती, तो यह न सिर्फ एक किसान के अधिकारों का हनन होगा, बल्कि कानून व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी असर डालेगा।


