TRENDING TAGS :
Kasganj News: सावन के दूसरे सोमवार पर गंगा घाट लहरा पर उमड़े कांवरिये, महिला कांवरियों की भी बड़ी संख्या
Kasganj News: कांवड़ यात्री डॉली बघेल ने बताया कि उनके साथ 11 लड़कियों का समूह पहली बार यहां कांवड़ लेकर आया है। उनकी मनोकामना है कि देश की रक्षा के लिए उन्हें कोई नौकरी मिले, इसलिए वे यहां आई हैं।
Kasganj News: कासगंज, उत्तर प्रदेश: श्रावण मास के दूसरे सोमवार को कासगंज जनपद के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सोरोंजी के पास गंगा घाट लहरा पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शिवालयों पर जलाभिषेक करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में कांवरिये कांवड़ लेकर घाट पर जल लेने पहुंचे। इन कांवरियों में पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला कांवरिये भी शामिल थीं।
मौके पर मौजूद कांवड़ यात्री डॉली बघेल ने बताया कि उनके साथ 11 लड़कियों का समूह पहली बार यहां कांवड़ लेकर आया है। उनकी मनोकामना है कि देश की रक्षा के लिए उन्हें कोई नौकरी मिले, इसलिए वे यहां आई हैं। जल लेकर वे बटेश्वर धाम पर जलाभिषेक करेंगी। एक अन्य कांवर यात्री, रविंद्र ने बताया कि उनके साथ 51 लोग हैं, जो अपने परिवार में सुख-शांति बनी रहने की मन्नत लेकर आए हैं। ऐसी ही मनोकामनाएं लेकर सैकड़ों शिवभक्त आज महान संत तुलसीदास जी की रामायण में बताई गई जन्मस्थली सोरोंजी के लहरा घाट पर पहुंचे हैं।
कांवड़ यात्रा को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। जिलाधिकारी मेघारूपम ने कांवड़ यात्रा के चलते जनपद में रविवार को साप्ताहिक बंदी घोषित की है, जिससे यातायात का दबाव कम रहे। जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, और यातायात को डायवर्ट कर वाहनों को अन्य मार्गों से निकाला जा रहा है ताकि कांवरियों को परेशानी न हो। गंगा घाट पर "बम बम भोले", "हर हर गंगे" और "हर हर महादेव" के उच्चारण से पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है। कांवड़ियों का उत्साह और भक्ति देखते ही बन रही है, जो इस पवित्र महीने में शिव आराधना के लिए दूर-दूर से आ रहे हैं।

