TRENDING TAGS :
Kasganj News: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और लोडर की टक्कर, 3 की मौत, 23 घायल
Kasganj News: कासगंज-सिकंदराराऊ मार्ग पर मोहनपुरा के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और लोडर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 3 लोगों की मौत और 23 घायल हुए हैं, जबकि 6 गंभीर घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया है।
Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कासगंज-सिकंदराराऊ मार्ग पर मोहनपुरा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और लोडर ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर किया गया है।
अस्थि विसर्जन के लिए सोरोंजी जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार सुबह करीब चार बजे हुआ। राजस्थान के करौली जिले से श्रद्धालु अस्थि विसर्जन के लिए धार्मिक स्थल सोरोंजी आ रहे थे। पिकअप में करीब 26 लोग सवार बताए गए हैं। इसी दौरान मोहनपुरा के पास पिकअप की लोडर ट्रक से सीधी टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों और मृतकों को सरकारी एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 23 घायलों का उपचार शुरू किया गया।घायलों में 8 पुरुष, 8 महिलाएं और 7 बच्चे शामिल बताए गए हैं। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर चिकित्सा के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है।
एसपी ने दी हादसे की जानकारी
कासगंज के एसपी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि कासगंज-सिकंदराराऊ मार्ग पर मोहनपुरा के पास लोडर ट्रक और राजस्थान के करौली से सोरोंजी आ रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप के बीच टक्कर हुई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और 23 लोग घायल हैं। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को अलीगढ़ रेफर किया गया है।एसपी के अनुसार, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और अलीगढ़ भेजे गए घायलों के इलाज के संबंध में भी अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।
यातायात कराया गया सामान्य
हादसे के बाद मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया जा रहा है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।


