Kasganj News: वृद्ध का मुंह काला कर पहनाई जूतों की माला, मारपीट का वीडियो वायरल

Kasganj News: कासगंज के नगला पल्टू गांव में वृद्ध के साथ मारपीट और अपमान का वीडियो वायरल, पुलिस सभी आरोपों और साक्ष्यों की जांच में जुटी।

Ajay Chauhan
Published on: 22 Jun 2026 8:31 PM IST
Kasganj News: वृद्ध का मुंह काला कर पहनाई जूतों की माला, मारपीट का वीडियो वायरल
X

Kasganj News

Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद के सोरों थाना क्षेत्र स्थित नगला पल्टू गांव में एक वृद्ध व्यक्ति के साथ कथित अमानवीय व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।वायरल वीडियो में लगभग 70 वर्षीय रामविलास पुत्र बेणीराम का मुंह काला किया हुआ दिखाई दे रहा है। साथ ही उनके गले में जूते-चप्पलों की माला डाली गई है। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा डंडों से मारपीट किए जाने के दृश्य भी नजर आ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


युवक-युवतियों के बीच संपर्क कराने के आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि रामविलास गांव के युवक-युवतियों के बीच मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत और संपर्क स्थापित कराने का कार्य करते थे। इसी मामले को लेकर गांव में नाराजगी थी। ग्रामीणों ने इस संबंध में गांव की एक महिला के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ताओं में गौरव पुत्र रामप्रकाश, जयसिंह पुत्र केदार तथा राजेश पुत्र खूबे समेत कई ग्रामीणों के नाम सामने आए हैं। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को कुछ ऑडियो क्लिप भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि उपलब्ध कराई गई ऑडियो क्लिप की सत्यता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस, दोनों पक्षों से की पूछताछ

घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी लोकेश भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस वायरल वीडियो, शिकायतों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ajay Chauhan
ABOUT THE AUTHOR

Ajay Chauhan

Ajay Chauhan - Newstrack Reporter (District - Kasganj) To be honest with my work and organization whomsoever I join my ambition to make my self progress and my organization in each step of life.

Next Story