TRENDING TAGS :
Kasganj News: कासगंज में हार्डवेयर व्यवसायी का शव मिला, हत्या या आत्महत्या पर गहराया सस्पेंस
Kasganj News: कासगंज में एक हार्डवेयर व्यवसायी का शव फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि उसकी दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Kasganj News(Photo-Social Media)
Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज के सिढ़पुरा (Sidhpura) कस्बे में एक हार्डवेयर व्यवसायी (Hardware Businessman) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राज किरण शाक्य उर्फ राहुल (Raj Kiran Shakya alias Rahul) के रूप में हुई है। वह सुदामा नगर (Sudama Nagar) में हार्डवेयर की दुकान संचालित करता था। मृतक की उम्र करीब 38 वर्ष बताई गई है। वह ग्राम लोंगपुर (Longpur) का निवासी था और उसके पिता का नाम डोरी लाल (Dori Lal) है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।
तीन दिन से बंद थी दुकान, मोबाइल भी था स्विच ऑफ
परिजनों के अनुसार राहुल की दुकान पिछले लगभग तीन दिनों से बंद थी और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। शुक्रवार सुबह उसके पिता डोरी लाल दुकान की ओर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दुकान के बगल में लगा बड़ा गेट खुला हुआ है। जब वह अंदर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर कुंदे से बिजली की केबल के सहारे एक शव लटका हुआ था। शव की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि पिता भी पहली नजर में उसकी पहचान नहीं कर सके।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
घटना की जानकारी मिलते ही कस्बा इंचार्ज प्रदीप मलिक और अखिलेश सिंह कठेरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम (Forensic Team) भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारा गया और जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
कपड़ों से हुई मृतक की पहचान
परिजनों ने बताया कि घटना के समय राहुल की पत्नी बच्चों के साथ अपने मायके में थी। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंची और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपने पति के रूप में की। शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा था कि वह 24 घंटे से अधिक समय से फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने जब शव की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक मोबाइल फोन और दुकान की चाबी बरामद हुई। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद शव की पहचान राज किरण उर्फ राहुल के रूप में सुनिश्चित हो सकी।
हत्या या आत्महत्या, जांच के बाद ही होगा खुलासा
घटना के बाद नगर में खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। शव की स्थिति को देखकर यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मामला आत्महत्या (Suicide) का है या फिर हत्या (Murder) के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया है। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम (Postmortem) के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल हार्डवेयर व्यवसायी की संदिग्ध मौत ने क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और हर किसी की नजर अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।


