Kasganj News: सहावर तहसील में एक जमीन दो बार बिक्री, धोखाधड़ी मुकदमा दर्ज, कार्रवाई का इंतजार जारी

Kasganj News: कासगंज की सहावर तहसील में एक ही जमीन की दो बार बिक्री और दो अलग-अलग दाखिल-खारिज का मामला सामने आया। तहसीलदार समेत 10 लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, कार्रवाई का इंतजार।

Ajay Chauhan
Published on: 15 July 2026 11:31 AM IST
Kasganj News
X

Kasganj News(Photo-Social Media)

Kasganj News: उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के बीच कासगंज जनपद की सहावर तहसील से कथित तौर पर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ही भूमि का दो अलग-अलग व्यक्तियों के नाम बैनामा और दाखिल-खारिज कर दिया गया, जिससे दो लोगों का एक ही जमीन पर स्वामित्व दर्ज हो गया।

मामला सहावर तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला मइयां का है। आरोपों के अनुसार, गाटा संख्या 67/0.6520 हेक्टेयर के छठवें भाग का बैनामा वर्ष 2023 में भूमि स्वामी नितिन कुमार पुत्र दिनेश कुमार ने गुड्डो देवी पत्नी अरविंद कुमार के नाम किया। दाखिल-खारिज होने के बाद गुड्डो देवी ने उक्त भूमि को बैंक में बंधक रखकर ऋण भी प्राप्त कर लिया। आरोप है कि लगभग दो वर्ष बाद उसी भूमि का दोबारा बैनामा अनीता देवी पत्नी धर्मेंद्र कुमार के नाम कर दिया गया। इसके बाद दूसरी बार भी दाखिल-खारिज होने से एक ही भूमि पर दो अलग-अलग स्वामित्व दर्ज हो गए, जिससे विवाद गहरा गया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों ने पहले से दर्ज स्वामित्व रखने वाली गुड्डो देवी पर भूमि छोड़ने का दबाव बनाया और कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा। बताया जाता है कि न्यायालय के आदेश पर सहावर तहसील के तहसीलदार संदीप चौधरी सहित 10 लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए। आदेश के अनुपालन में पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन आरोप है कि अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि उन पर मुकदमा वापस लेने के लिए प्रशासनिक दबाव बनाया जा रहा है। वहीं यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल, सहावर थाना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में जिला प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Ajay Chauhan
ABOUT THE AUTHOR

Ajay Chauhan

Ajay Chauhan (Kasganj Reporter)ajaychauhan.newstrackpr@gmail.com

Ajay Chauhan - Newstrack Reporter (District - Kasganj) To be honest with my work and organization whomsoever I join my ambition to make my self progress and my organization in each step of life.

Next Story