Kasganj News: ताबड़तोड़ फायरिंग, बदमाशों ने दुकान के बाहर खड़े युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

Kasganj News: अहरौली फाटक के पास बाइक सवार दो हमलावरों ने 19 वर्षीय ललित कश्यप को गोली मारी। जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी।

Ajay Chauhan
Published on: 22 Oct 2026 10:29 PM IST
firing kills young man
X

ताबड़तोड़ फायरिंग, बदमाशों ने दुकान के बाहर खड़े युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

Kasganj News: कोतवाली कासगंज क्षेत्र में गुरुवार शाम बाइक सवार हमलावरों ने 19 वर्षीय युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात अहरौली फाटक के समीप हुई, जहां युवक अपनी परचून की दुकान के बाहर खड़ा था। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

दुकान के बाहर खड़े युवक पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान ललित कश्यप के रूप में हुई है। वह अहरौली फाटक के पास परचून की दुकान चलाता है और अपने पिता के साथ पेंटिंग का काम भी करता है। गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे ललित अपनी दुकान से नीचे उतरकर खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो लोग वहां पहुंचे और उसे गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।

गोली ललित के दाहिनी तरफ सीने के नीचे लगी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल कासगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया।

दो दिन पहले दुकान पर हुआ था विवाद

घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार और सीओ सिटी आंचल चौहान पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल के परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

ललित के चचेरे भाई अंशुल ने बताया कि ललित दुकान का सामान देने के बाद नीचे उतरकर खड़ा था, तभी बाइक सवार दो लोगों ने उसे गोली मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पहले दुकान पर सामान के लेनदेन को लेकर ललित का इन्हीं युवकों से विवाद हुआ था।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

गोली मारने का आरोप एक व्यक्ति और उसके साथियों पर लगाया गया है। हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।

Ajay Chauhan
ABOUT THE AUTHOR

Ajay Chauhan

Ajay Chauhan (Kasganj Reporter)ajaychauhan.newstrackpr@gmail.com

Ajay Chauhan - Newstrack Reporter (District - Kasganj) To be honest with my work and organization whomsoever I join my ambition to make my self progress and my organization in each step of life.

Next Story