Kaushambi News: नाबालिग की हत्या से सनसनी: पहले करता था छेड़खानी, अब हत्या का आरोप

Kaushambi News: कौशाम्बी में नाबालिग किशोरी की हत्या से सनसनी, परिजनों ने आरोपी पर पहले से छेड़खानी और जबरन ले जाने का आरोप लगाया।

Ansh Mishra
Published on: 17 Jun 2026 8:03 AM IST
Kaushambi News: नाबालिग की हत्या से सनसनी: पहले करता था छेड़खानी, अब हत्या का आरोप
X

Kaushambi Minor Girl Murder Case

Kaushambi News: पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी की हत्या के मामले में नए खुलासे सामने आ रहे हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि सिरफिरे हत्यारोपी राहुल पुत्र भैयालाल सरोज की मनबढ़ई इतनी बढ़ गई थी कि वह मंगलवार शाम कई महिलाओं के बीच से किशोरी को जबरन अपने साथ उठा ले गया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

परिजनों का कहना है कि आरोपी राहुल पहले भी कई बार किशोरी के साथ छेड़खानी कर चुका था। लेकिन लोकलाज और सामाजिक बदनामी के डर से परिवार ने कभी इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की। परिजनों की इसी चुप्पी का फायदा उठाकर आरोपी के हौसले बढ़ते गए और उसने आखिरकार इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।

बताया जा रहा है कि किशोरी मंगलवार शाम पिपरमेंट की कटाई कर घर लौट रही थी। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में उसका शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में दुष्कर्म के बाद हत्या की भी आशंका जताई जा रही है।

मृतका के परिजनों ने मुख्य आरोपी राहुल के साथ उसके पिता और भाई पर भी हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना में अन्य लोगों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोग दोषियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

Ansh Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ansh Mishra

Next Story