TRENDING TAGS :
Kaushambi News: कौशांबी में उड़ीसा का युवक लापता, परिजन तलाश में भटके
Kaushambi News: गुजरात से उड़ीसा लौटते समय गलत ट्रेन में बैठा युवक चित्रकूट पहुंचा, आखिरी बार सराय अकिल क्षेत्र में दिखने की सूचना; परिजन परेशान, लोगों से मदद की अपील।
कौशांबी में उड़ीसा का युवक लापता, परिजन तलाश में भटके (Photo- Newstrack)
Kaushambi News: कौशांबी। उड़ीसा प्रांत का एक युवक कौशांबी जनपद में लापता हो गया है। युवक की तलाश में उसके परिजन कई दिनों से भटक रहे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है और उन्होंने आम जनता से मदद की अपील की है।
गुजरात से निकला, पहुंच गया चित्रकूट
प्राप्त जानकारी के अनुसार लल्लू (उम्र लगभग 35 वर्ष), निवासी ग्राम मणिचो, पोस्ट कुन्दलिया, थाना बिसोय, जिला मयूरभंज (उड़ीसा) पिन कोड 757033, कुछ दिन पहले गुजरात से उड़ीसा लौटने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। बताया जा रहा है कि वह गलती से दूसरी ट्रेन में बैठ गए, जिससे वह चित्रकूट पहुंच गए।
चित्रकूट पहुंचने के बाद उनकी परिजनों से मोबाइल पर बातचीत भी हुई थी। लेकिन इसके बाद अचानक उनका मोबाइल बंद हो गया और कोई लोकेशन नहीं मिल सकी।
सराय अकिल क्षेत्र में दिखने की सूचना
परिजन युवक की तलाश में चित्रकूट पहुंचे। वहां पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि वह कौशांबी की ओर गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक को कौशांबी के थाना सराय अकिल क्षेत्र की तरफ जाते हुए देखा गया था।
इसके बाद परिवार के लोग सराय अकिल पहुंचे और कई स्थानों पर पूछताछ की। कुछ लोगों ने पुष्टि की कि युवक यहां दिखाई पड़ा था, लेकिन परिवार की उससे मुलाकात नहीं हो सकी।
हुलिया और पहचान के चिन्ह
परिजनों के मुताबिक युवक का रंग सांवला है, माथे पर चोट का निशान है। वह जीन्स पैंट और ब्राउन टी-शर्ट पहने हुए था। उसकी लंबाई करीब 6 फुट बताई जा रही है।
परिवार के लोग लगातार क्षेत्र में भटक रहे हैं और थानों में भी जानकारी दे चुके हैं। उन्होंने अपील की है कि यदि किसी को यह युवक दिखाई दे तो तुरंत मोबाइल नंबर 638378925 पर सूचना दें, ताकि उसे सकुशल घर पहुंचाया जा सके।
लापता युवक की तलाश में परिवार की उम्मीदें अब आमजन की मदद पर टिकी हैं।


