Kaushambi News: चार दिन पहले मिली महिला की लाश का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Kaushambi News: कौशांबी के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में चार दिन पहले मिली महिला की लाश मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अवैध देह व्यापार और पैसों के विवाद में महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी।

Ansh Mishra
Published on: 19 May 2026 8:57 PM IST
Kaushambi News: चार दिन पहले मिली महिला की लाश का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
X

Kaushambi News

Kaushambi News: पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे चार दिन पहले मिली अज्ञात महिला के रक्तरंजित शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चित्रकूट घुमाने के बहाने महिला को कार में बैठाया था और विवाद होने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। बाद में शव को सुनसान स्थान पर फेंककर फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ के कुछ लोगों ने देह व्यापार के धंधे को बढ़ाने के लिए प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में ठिकाना बना रखा था। इस गैंग में कौशांबी के लोग भी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि देह व्यापार से जुड़े रुपए के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद महिला की हत्या की गई।पुलिस के मुताबिक, 15 मई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़ी बाजार के आगे पश्चिम शरीरा-बैरमपुर रोड किनारे एक अज्ञात महिला का रक्तरंजित शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले में थाना पश्चिम शरीरा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण स्वयं मौके पर पहुंचे और मामले के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी कौशांबी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने आसपास के लोगों से पूछताछ, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के जरिए जांच शुरू की।मंगलवार, 19 मई को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद जजौली महावां नहर पटरी रोड स्थित कुर्मियन का डेरा के पास संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई। कार में सवार अनूपा उर्फ अमृता पत्नी दिनेश राय निवासी आजमगढ़, अभिनंदन उर्फ विभांशु तथा अवनीश राय को हिरासत में लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने महिला की हत्या कर शव फेंकने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर मृतका का लाल रंग का पर्स, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त इको स्पोर्ट कार बरामद की गई।पूछताछ में मुख्य आरोपी अनूपा उर्फ अमृता ने बताया कि उसकी पहचान मृतका मगलावती पत्नी इंदर लोधी निवासी भगतन का पुरवा, मंझनपुर से पिछले दो वर्षों से थी। 14 और 15 मई की रात मगलावती ने उसे फोन कर चित्रकूट घूमने चलने के लिए बुलाया था। इसके बाद वह अपनी बहन के दोनों बेटों के साथ कार लेकर पहुंची और मृतका को बैठाकर निकल गई।

रास्ते में पेट्रोल डलवाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान कहासुनी बढ़ने पर मृतका ने कार में मौजूद लोगों को पैर मार दिया। इससे नाराज होकर तीनों आरोपियों ने मिलकर पहले गला दबाया और फिर दुपट्टे से कसकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बैरमपुर के पास सड़क किनारे फेंककर सभी प्रयागराज लौट गए थे।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story