TRENDING TAGS :
Kaushambi News: सर्विस लेन के भीषण जाम से जूझ रहे व्यापारी और राहगीर, प्रशासन की मीटिंग में सब चंगा
Kaushambi News: कौशांबी में सर्विस लेन पर भीषण जाम से व्यापारी और राहगीर परेशान हैं। जाम की समस्या से लोग जूझ रहे हैं, जबकि प्रशासनिक बैठक में स्थिति सामान्य होने की बात सामने आई।
Kaushambi News(Photo-Social Media)
Kaushambi News: कौशांबी अझुवा कस्बा इन दिनों जाम के झाम से जूझ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर स्थित इस प्रमुख बाजार में बुधवार और रविवार सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। नगरवासी, दूर-दराज से आने वाले राहगीर, व्यापारी और ग्राहक रोज घंटों जाम में फंसकर परेशान हैं।कागजों और मीटिंग में पुलिस-प्रशासन सब चंगा होने का दावा करता है, बड़े-बड़े निर्देश दिए जाते हैं,लेकिन धरातल पर तस्वीर बिल्कुल उलट है।हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है।व्यापारी अनुज अग्रहरी ने बताया कि अझुवा में राष्ट्रीय राजमार्ग का वास्तविक चौड़ीकरण कभी हुआ ही नहीं, केवल खानापूर्ति कर फोरलेन बना दिया गया है।
सड़क पार आवागमन के लिए पहले भोला चौराहे पर कट था, जिसे शासन ने एन एच ए आईं के सहयोग से सीमेंटेड क्रास बैरियर लगाकर कई माह पहले बंद करा दिया। अब पूरे बाजार के लिए मात्र एक कट नवीन मंडी समिति के सामने खुला है, जिससे पूरा लोड एक ही जगह पर आ गया है।सबसे बदतर हालत टांडा मोड़ से मंडी समिति तक है। टांडा मोड़ के सामने सहकारी समिति से लेकर मंडी तक खागा की तरफ जाने वाले मार्ग पर टेंपो, ऑटो और विक्रम चालकों ने स्थायी अड्डा बना लिया है।ये वाहन बेतरतीब खड़े रहते हैं, जिससे हाईवे की सर्विस लेन पूरी तरह जाम हो जाती है।टांडा मार्ग और रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों के कारण हाईवे की दोनों पटरियों पर लंबा जाम लग जाता है। कई बार एंबुलेंस तक फंस जाती है।
व्यापारी दमन केसरवानी ने बताया कि हाईवे की सर्विस लेन बेहद संकरी है और उस पर भी फल, चाट, खोमचे वालों ने कब्जा कर रखा है। हालांकि उनकी भी परिवार चलाने की मजबूरी है, लेकिन प्रशासन ने उनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की।नतीजा यह है कि साइकिल और मोटरसाइकिल से चलने वालों को भी जाम में फंसना पड़ता है। व्यापारियों को मंडी से घर आने-जाने में रोज वाद-विवाद की स्थिति बनती है।व्यापारियों का कहना है कि जब तक भोला चौराहे का सिमेंटेड क्रास बैरियर नहीं हटेगा, टांडा मोड़ से सिमेंटेड क्रास बैरियर नहीं हटेगा और सर्विस लेन को चौड़ा कर व्यवस्थित नहीं किया जाएगा, तब तक जाम से मुक्ति मिलना असंभव है। जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ ठीक होने का बहाना कर अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं।


