Kaushambi News: कोखराज ऊपर हार में जलभराव की समस्या का एसडीएम ने किया निरीक्षण

Kaushambi News: नाली निर्माण में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, पुलिस की मौजूदगी में काम कराने के निर्देश से ग्रामीणों को जलभराव से जल्द मिलेगी राहत

Ansh Mishra
Published on: 10 Aug 2026 6:59 PM IST
SDM inspects flood problem in Kokhraj Upper Har
X

कोखराज ऊपर हार में जलभराव की समस्या का एसडीएम ने किया निरीक्षण (Photo- Newstrack)

Kaushambi News: कौशाम्बी के सिराथू तहसील क्षेत्र के कोखराज ऊपर हार में नाली निर्माण को लेकर चल रहे विवाद का आखिरकार समाधान कराया गया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उपजिलाधिकारी सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव ने 10 अगस्त 2026 को मौके पर पहुंचकर जलभराव और नाली निर्माण की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व टीम, ग्राम विकास अधिकारी, लेखपाल, ग्राम प्रधान और पुलिस बल भी मौजूद रहा।

जलभराव से राहगीरों को हो रही थी परेशानी

कोखराज ऊपर हार में नाली निर्माण नहीं होने की वजह से बरसात का पानी जमा हो रहा था। इससे ग्रामीणों और आने-जाने वाले राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम प्रधान रमेश चन्द्र की ओर से कई बार नाली निर्माण कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ लोगों की ओर से निर्माण कार्य में बाधा डालने के कारण काम पूरा नहीं हो सका।

नाली निर्माण को लेकर लगातार शिकायतें मिलने के बाद ग्राम विकास अधिकारी की ओर से मामले की जानकारी राजस्व अधिकारियों को दी गई। इसके बाद उपजिलाधिकारी सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके की स्थिति की जांच पड़ताल कराई।

खड़ंजे के बीच से नाली बनाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी को जानकारी हुई कि कुछ लोगों की ओर से नाली निर्माण में बाधा डाली जा रही थी। इसके कारण बरसात के दिनों में ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। स्थिति को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने खड़ंजे के बीच से नाली निर्माण कराने के लिए ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान को निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान रमेश चन्द्र ने भी नाली निर्माण के लिए सहमति जताई। उन्होंने उपजिलाधिकारी से आग्रह किया कि निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न होने दी जाए, ताकि नाली का निर्माण पूरा हो सके और ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

ग्राम प्रधान के आग्रह पर उपजिलाधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव ने साफ कहा कि नाली निर्माण का काम पुलिस के सहयोग से कराया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति निर्माण कार्य में हस्तक्षेप करता है या कार्य में बाधा डालने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारी के इस रुख के बाद नाली निर्माण का रास्ता साफ हो गया।

ग्रामीणों ने इस कार्रवाई पर ग्राम प्रधान और अधिकारियों का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण पूरा होने के बाद बरसात के पानी की निकासी हो सकेगी और जलभराव की समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद है।

पहले भी मौके पर पहुंची थी राजस्व टीम

नाली निर्माण और जल निकासी की समस्या को लेकर इससे पहले सिराथू के खंड विकास अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने राजस्व टीम के साथ मामले का निस्तारण कराने के लिए कहा था। इसके बाद अब 10 अगस्त को उपजिलाधिकारी ने राजस्व टीम, ग्राम विकास अधिकारी, लेखपाल, ग्राम प्रधान और पुलिस बल की मौजूदगी में मौके का निरीक्षण कर निर्माण को लेकर चल रहे विवाद का निस्तारण कराया।

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के प्रयासों को सराहा

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान की ओर से कई बार नाली निर्माण कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन कुछ लोगों की ओर से चुनावी राजनीति के कारण कार्य में बाधा डालने की कोशिश की गई। इससे नाली का निर्माण नहीं हो पा रहा था और बारिश का पानी जमा होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान के लगातार प्रयासों के बाद अब नाली निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में निर्माण कार्य होने से अब किसी तरह की बाधा की आशंका भी कम हो गई है। नाली बनने के बाद बरसात के पानी की निकासी बेहतर होगी और कोखराज ऊपर हार के ग्रामीणों और राहगीरों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सकेगी।

Ansh Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ansh Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, कौशांबीKaushambiAnshMishra@newstracksite.vocalwire.com

अंश कुमार मिश्रा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज एवं कौशाम्बी में कार्यरत हैं. वह 2018 से न्यूज ट्रैक अपना भारत के साथ जुड़े हुए हैं. उन्हें पत्रकारिता में कुल 10 साल का अनुभव है. उन्हें पॉलिटिकल और क्राइम बीट पर रिपोर्टिंग का विशेष अनुभव है। न्यूज ट्रैक से पहले वह न्यूज इंडिया ,आज की खबर,IBC न्यूज 24 हरबात हिंदी दैनिक जैसे संस्थानों के साथ काम कर चुके हैं. उनकी शैक्षिक योग्यता बीएससी, एमएससी है उन्हें कौशाम्बी कई संस्थानों एवं सरकारी कार्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र भी मिल चुका है।

Next Story