TRENDING TAGS :
दयाशंकर सिंह के इशारे पर हुआ किंजल सिंह का ट्रांसफर? क्या मंत्री के फैसलों में 'रोड़ा' बन रही थीं IAS, जानिए पूरी इनसाइड स्टोरी
IAS Kinjal Singh Transfer: यूपी की नौकरशाही में किंजल सिंह के अचानक ट्रांसफर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से टकराव बना वजह? जानिए 40 IAS तबादलों के बीच इस बड़े फेरबदल की पूरी इनसाइड स्टोरी।
IAS Kinjal Singh Transfer: उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में सोमवार की सुबह एक ऐसी खबर के साथ हुई जिसने प्रशासनिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर देर रात हुए 40 आईएएस अधिकारियों के तबादलों में सबसे ज्यादा चर्चा किंजल सिंह की हो रही है। महज सात महीने पहले, 16 सितंबर 2025 को परिवहन आयुक्त की कमान संभालने वाली किंजल सिंह को अब माध्यमिक शिक्षा विभाग के सचिव पद पर भेज दिया गया है। तबादला सत्र (Transfer Season) शुरू होने से ठीक पहले हुए इस फेरबदल ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है, या इसके पीछे परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के साथ चल रही अनबन की कोई गहरी कहानी छिपी है?
परिवहन आयुक्त पद से अचानक विदाई: क्या थी टकराव की वजह?
किंजल सिंह का कार्यकाल एक साल भी पूरा नहीं कर सका। बता दें की परिवहन विभाग में पिछले कुछ समय से 'ऑल इज नॉट वेल' की स्थिति थी। चर्चा है कि विभाग की कार्यप्रणाली और कुछ नीतिगत फैसलों को लेकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और किंजल सिंह के बीच वैचारिक मतभेद थे। मंत्री जी के विरोध की खबरें पहले भी दबी जुबान में तैरती रही हैं। अक्सर देखा गया है कि जब किसी कड़क अधिकारी और मंत्री के बीच तालमेल की कमी होती है, तो तबादला ही अंतिम समाधान बनकर उभरता है। किंजल सिंह की जगह अब आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त बनाया गया है, जिससे यह साफ हो गया है कि सरकार विभाग में नई ऊर्जा और बेहतर समन्वय चाहती है।
पिता की हत्या और न्याय की वो 31 साल लंबी लड़ाई
किंजल सिंह का नाम केवल उनकी वर्तमान पोस्टिंग से नहीं, बल्कि उनके अदम्य साहस से जुड़ा है। उनकी कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। साल 1982 की बात है, जब किंजल के पिता और तत्कालीन डीएसपी के.पी. सिंह की गोंडा में एक फर्जी एनकाउंटर में हत्या कर दी गई थी। उस वक्त किंजल महज छह महीने की थीं। उनकी मां विभा सिंह ने अकेले दम पर अपनी दो बेटियों (किंजल और प्रांजल) को पाला और न्याय की लड़ाई लड़ी। कैंसर से जूझते हुए भी मां ने अपनी बेटियों को सिर्फ एक ही सपना दिखाया 'आईएएस बनकर अपने पिता को न्याय दिलाना।'
किंजल ने न केवल अपनी मां का सपना पूरा किया, बल्कि साल 2008 में यूपीएससी परीक्षा में 25वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनीं। उनकी बहन प्रांजल भी इसी साल आईआरएस (IRS) अधिकारी बनीं। आईएएस बनने के बाद किंजल ने अपने पिता की हत्या के केस को अंजाम तक पहुंचाया। साल 2013 में, पिता की मौत के 31 साल बाद, कोर्ट ने हत्यारे पुलिसकर्मियों को दोषी करार दिया। यह किंजल के संघर्ष और साहस की सबसे बड़ी जीत थी।
कड़क छवि और विवादों से पुराना नाता
2008 बैच की आईएएस अधिकारी किंजल सिंह अपनी 'बेबाक' और 'कड़क' छवि के लिए जानी जाती हैं। लखीमपुर खीरी और सीतापुर की जिलाधिकारी (DM) रहते हुए उन्होंने अपनी प्रशासनिक दक्षता का लोहा मनवाया। हालांकि, उनकी कड़क कार्यशैली अक्सर विवादों का कारण भी बनी। महानिदेशक (चिकित्सा शिक्षा) के पद पर रहते हुए भी उन पर कई सवाल उठे थे और मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था। उनकी छवि एक ऐसे अधिकारी की है जो नियमों के साथ समझौता नहीं करतीं, और शायद यही 'अनुशासन' कभी-कभी राजनीतिक इच्छाशक्ति के आड़े आ जाता है।
शिक्षा विभाग में नई जिम्मेदारी: चुनौतियां और संभावनाएं
अब किंजल सिंह को सचिव, माध्यमिक शिक्षा के पद पर भेजा गया है। यह विभाग उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ है। भले ही इसे परिवहन विभाग की तुलना में 'कम पावरफुल' माना जा रहा हो, लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों की बड़ी गुंजाइश है। किंजल सिंह जैसी तेज-तर्रार अधिकारी से उम्मीद की जा रही है कि वे माध्यमिक शिक्षा में पारदर्शिता और अनुशासन के नए मानक स्थापित करेंगी।
आज जब वे परिवहन विभाग से विदा ले रही हैं, तो उनके समर्थकों का मानना है कि एक "योद्धा" कभी हारता नहीं, वह बस अपनी रणभूमि बदलता है। किंजल सिंह का सफर यह साबित करता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत क्यों न हों, अगर इरादे फौलादी हों तो न्याय और सफलता दोनों कदम चूमती हैं।


