Kushinagar News: किसानों को अनुदान पर मिलेगा गेहूं बीज, गन्ने के साथ सहफसली खेती से बढ़ेगी आय

Kushinagar News: कुशीनगर में किसानों को गेहूं की उन्नत प्रजातियों का 8 हजार क्विंटल बीज अनुदान पर उपलब्ध कराया जाएगा। गन्ने के साथ गेहूं की सहफसली खेती से किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

Pankaj Srivastava
Published on: 30 Oct 2026 2:50 PM IST
Kushinagar News
X

Kushinagar News(Photo-Social Media)

Kushinagar News: जिले में गेहूं की बुवाई को लेकर कृषि विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसानों के लिए करीब आठ हजार क्विंटल उन्नत प्रजाति का गेहूं बीज राजकीय कृषि बीज गोदामों पर उपलब्ध कराया गया है। किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण और बुकिंग कर टोकन प्राप्त कर 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज ले सकते हैं।

यह जानकारी जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने कृषि अनुसंधान प्रयोगशाला से खेत कार्यक्रम के दौरान गन्ना संस्थान गोरखपुर के पूर्व सहायक निदेशक एवं गन्ना विकास सलाहकार ओम प्रकाश गुप्ता को दी। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में डीबीडब्ल्यू-187, डीबीडब्ल्यू-327, एचडी-3406, डीबीडब्ल्यू-303 और डीबीडब्ल्यू-222 प्रजातियों का बीज उपलब्ध है। इन प्रजातियों की औसत उपज 20 से 22 क्विंटल प्रति एकड़ बताई गई है।

पूर्व सहायक निदेशक ओम प्रकाश गुप्ता ने किसानों को शरदकालीन गन्ने के साथ गेहूं की सहफसली खेती करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गन्ने की दो पंक्तियों के बीच तीन से चार पंक्ति गेहूं की बुवाई की जा सकती है। गन्ने की पंक्ति से पंक्ति की दूरी 120 सेंटीमीटर तथा गेहूं की लाइन से लाइन की दूरी 18 से 20 सेंटीमीटर रखने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, घटते कृषि क्षेत्र और बढ़ती आबादी को देखते हुए किसान गन्ने के साथ गेहूं की सहफसली खेती कर अतिरिक्त उत्पादन प्राप्त करने के साथ गन्ने की उत्पादन लागत भी कम कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कृषक अध्ययन यात्रा के दौरान हरियाणा के करनाल स्थित गेहूं प्रजनन अनुसंधान निदेशालय में वैज्ञानिकों से अधिक उत्पादन के लिए तकनीकी जानकारी प्राप्त की गई। किसानों को उन्नत प्रजाति के शुद्ध एवं प्रमाणित बीज की लाइन से बुवाई, सड़ी गोबर की खाद का प्रयोग, संतुलित मात्रा में उर्वरकों का इस्तेमाल और खरपतवार नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई। गेहूं की पहली सिंचाई बुवाई के 20 से 25 दिन बाद करने तथा लगभग तीन वर्ष में बीज बदलने की सलाह भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान प्राविधिक कृषि सहायक ज्ञान प्रकाश सिंह ने बकनहां गांव में किसानों का पंजीकरण किया। वहीं पैकौली-हाटा स्थित राजकीय कृषि बीज गोदाम के प्रभारी कुंवर चंद चौहान ने बताया कि गोदाम पर 1440 क्विंटल गेहूं का बीज उपलब्ध है। किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर बुकिंग कर टोकन प्राप्त करने के बाद 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज ले सकते हैं।

Pankaj Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Pankaj Srivastava

वरिष्ठ संवाददाता, कन्नौजpankajsrivastava@newstracksite.vocalwire.com

उत्तर प्रदेश की इत्र और इतिहास की नगरी कन्नौज जनपद का रहने वाला हूँ, न्यूज कंटेंट राइटर/एडिटर पर 23 साल का विशेष अनुभव है। कई बड़ी न्यूज संस्थाओं से जुड़कर काम किया है और मौजूदा समय मे भी कर रहा हूँ। मास कम्युनिकेशन की डिग्री पत्रकारिता से एम ए

Next Story