Kushinagar Crime News: सामान खरीदने गए 15 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव

Kushinagar Crime News: कुशीनगर के कप्तानगंज में सामान खरीदने गए 15 वर्षीय करन साहनी पर युवकों ने हमला किया। गंभीर चोटों के बाद रास्ते में उसकी मौत हो गई।

Mohan Suryavanshi
Published on: 14 Aug 2026 9:21 PM IST
Kushinagar Crime News: सामान खरीदने गए 15 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव
X

Kushinagar Crime News: कप्तानगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-17 स्थित चकबंदी चौक में शुक्रवार को सरस्वती शिशु मंदिर के पास लाठी-डंडों से लैस युवकों के एक गुट ने सामान खरीदने पहुंचे 15 वर्षीय किशोर पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने किशोर को घेरकर बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल किशोर को स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में किशोर की मौत हो गई।मृतक की पहचान करन साहनी (15) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, किशोर की मौत के बाद चकबंदी चौक और आसपास के क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


सामान खरीदने चकबंदी चौक गया था किशोर

बताया जा रहा है कि करन साहनी शुक्रवार को सामान खरीदने के लिए चकबंदी चौक की ओर गया था। इसी दौरान सरस्वती शिशु मंदिर के पास युवकों के एक गुट ने उसे घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों के हाथों में लाठी-डंडे थे। आरोप है कि उन्होंने करन पर अचानक हमला कर दिया और उसे बुरी तरह पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मारपीट की घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल करन को कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

परिजन करन को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। किशोर की मौत के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।पुलिस हमले में शामिल युवकों की पहचान करने के साथ ही घटना के कारणों और आरोपियों की संख्या के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आसपास लगे कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

किशोर की मौत के बाद चकबंदी चौक और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Mohan Suryavanshi
ABOUT THE AUTHOR

Mohan Suryavanshi

mohansuryavanshi@newstracksite.vocalwire.com
Next Story