TRENDING TAGS :
Kushinagar News:आदर्श चौहान हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; बाल अपचारी भी पुलिस संरक्षण में
Kushinagar News: कुशीनगर के तमकुहीराज क्षेत्र में आदर्श चौहान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। चार आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और दो बाइक बरामद की हैं।
Kushinagar News
Kushinagar News: जनपद के थाना तमकुहीराज क्षेत्र के चखनी खास गांव में एक अगस्त को आदर्श चौहान उर्फ बुलेट की चाकू मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तहरीर में नामजद किए गए आरोपित घटना में शामिल नहीं थे। विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर पांच अन्य लोगों के नाम सामने आए।
पुलिस के मुताबिक, चखनी खास निवासी आदर्श चौहान की एक अगस्त को पेट में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता चंदेश्वर चौहान की तहरीर पर पांच नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और सर्विलांस टीम की मदद से मामले की गहनता से जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को घटना में पांच अन्य लोगों के शामिल होने के साक्ष्य मिले। इसके बाद एसओजी, सर्विलांस, साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सात अगस्त को मिश्रौली और राजी तलवंत राय क्षेत्र से अंगद पासवान, सतीश कुशवाहा, चंदन कुशवाहा और प्रीतम कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपितों ने आदर्श की हत्या में शामिल होना स्वीकार किया। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, आरोपितों के मोबाइल की टाइमलाइन और भुगतान से संबंधित जानकारी का मिलान करने पर पुलिस को घटना में उनकी संलिप्तता के साक्ष्य मिले।पुलिस के अनुसार, घटना से करीब 15 से 20 दिन पहले मृतक की आरोपितों से कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। इसी विवाद की रंजिश में आरोपितों ने आदर्श पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना में इस्तेमाल की गईं दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर संख्या UP57CA3926 और UP57CE4940 शामिल हैं। मामले में मु0अ0सं0 186/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।कार्रवाई में थाना तमकुहीराज पुलिस के साथ स्वाट, साइबर सेल और सर्विलांस टीम शामिल रही। पुलिस अधीक्षक ने हत्याकांड का सफल अनावरण करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।


