TRENDING TAGS :
Kushinagar News: कुशीनगर में उद्यान विभाग देगा 1.94 लाख निःशुल्क फलदार पौधे, किसानों की बढ़ेगी आय
Kushinagar News: कुशीनगर में उद्यान विभाग द्वारा किसानों को 1.94 लाख फलदार पौधे निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, युवाओं को रोजगार देना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
Kushinagar News
Kushinagar News: किसानों की आय में वृद्धि, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यान विभाग, कुशीनगर द्वारा जनपद के किसानों को 1.94 लाख फलदार पौधे निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला उद्यान अधिकारी श्री कृष्ण कुमार चौधरी ने जिला मुख्यालय रविन्द्रनगर स्थित कार्यालय में किसानों को संबोधित करते हुए दी।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जिले की पाँच राजकीय पौधशालाओं के माध्यम से किसानों को निःशुल्क फलदार पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसान राजकीय पौधशाला बरवा फार्म-कसया, राजकीय पौधशाला बकुलहुर कला-फाजिलनगर, राजकीय पौधशाला हठिया-खड्डा तथा राजकीय पौधशाला रविन्द्रनगर सहित अन्य केंद्रों से पौधे प्राप्त कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा कटहल, जामुन, आंवला, बेल, शरीफा, करौंदा, नींबू, सहजन समेत विभिन्न प्रकार के फलदार पौधों का वितरण किया जा रहा है।
इस अवसर पर गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र, पिपराइच (गोरखपुर) के पूर्व सहायक निदेशक ओम प्रकाश गुप्ता ने पौधशाला का भ्रमण किया। जिला उद्यान अधिकारी ने उन्हें निःशुल्क वितरित किए जा रहे पौधों की जानकारी देते हुए बागवानी के महत्व पर प्रकाश डाला।उन्होंने उपस्थित किसानों को बताया कि पारंपरिक खेती के साथ बागवानी अपनाकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति को और मजबूत बना सकते हैं। फलदार पौधों से दीर्घकालिक आय प्राप्त होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान उद्यान निरीक्षक विपिन कुमार उपाध्याय एवं प्रदीप वर्मा ने किसान घनश्याम कुशवाहा, गुड्डू कुशवाहा, आत्मा गुप्ता तथा रामउग्रह गुप्ता को कटहल, जामुन एवं आंवला के पौधे निःशुल्क वितरित किए।अंत में जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधे न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगे, बल्कि पर्यावरण को शुद्ध रखने और लोगों को स्वच्छ हवा एवं पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


