कुशीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: बस और ट्रक की टक्कर में 3 की मौत, कई घायल

Kushinagar News: कुशीनगर के पटहेरवा में लग्जरी बस और ट्रक की भिड़ंत में 3 यात्रियों की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल। पुलिस राहत बचाव कार्य में जुटी। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

Mohan Suryavanshi
Published on: 7 Nov 2026 10:27 AM IST
कुशीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: बस और ट्रक की टक्कर में 3 की मौत, कई घायल
X

Kushinagar Patherwa Road Accident

Kushinagar News: पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया के पास शनिवार को तेज रफ्तार लग्जरी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर यात्रियों का सामान बिखर गया और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, लग्जरी बस आनंद विहार से यात्रियों को लेकर मुजफ्फरनगर जा रही थी। शनिवार को बस जब पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पटहेरवा थाने की पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बस से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुही पहुंचाया। वहां चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र रेफर किए जाने की भी संभावना है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और राहतकर्मी बचाव कार्य में जुटे रहे। दुर्घटना के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

फिलहाल हादसे में मृतकों की पहचान, दुर्घटना के कारणों और घायलों की वास्तविक संख्या के संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मोहन सूर्यवंशी की रिपोर्ट

Mohan Suryavanshi
ABOUT THE AUTHOR

Mohan Suryavanshi

mohansuryavanshi@newstracksite.vocalwire.com
Next Story