TRENDING TAGS :
Kushinagar News: टैंकर की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन की मौत, जिंदगी की जंग लड़ रही मासूम
Kushinagar News: कुशीनगर में दर्दनाक हादसा, टैंकर की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, मासूम बच्ची जिंदगी की जंग लड़ रही है।
Kushinagar Road Accident
Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के कप्तानगंज-नौरंगिया मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रामकोला थाना क्षेत्र के खोटही गांव के समीप स्थित एक पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पिता और 12 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार की सात वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। राम लखन पुत्र रमाशंकर मद्धेशिया, उम्र लगभग 38 वर्ष
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
राम लखन पुत्र रमाशंकर मद्धेशिया, उम्र लगभग 38 वर्ष
रौनक पुत्र राम लखन, उम्र 11 वर्ष
शशिकला पत्नी राम लखन मद्धेशिया, उम्र 35 वर्ष
सभी निवासी पिपराइच थाना क्षेत्र, जिला गोरखपुर हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपराइच क्षेत्र निवासी एक परिवार बाइक से किसी कार्यवश जा रहा था। मंगलवार सुबह जब उनकी बाइक खोटही गांव के समीप एक पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी एक टैंकर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पिता और उनके लगभग 12 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं परिवार की सात वर्षीय पुत्री की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही रामकोला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टैंकर को कब्जे में ले लिया है। चालक घटना के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है। क्षेत्र में भी इस हृदयविदारक हादसे को लेकर शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।


