TRENDING TAGS :
Lakhimpur Kheri News: आंसुओं के बीच पहुंची मदद, बेला तुरसिया के पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा प्रशासन
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में छह परिवारों के खातों में दो-दो लाख रुपये पहुंचे, दो अन्य परिवारों को भी जल्द सहायता मिलेगी।
आंसुओं के बीच पहुंची मदद, बेला तुरसिया के पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा प्रशासन (Photo- Newstrack)
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी क्षेत्र के बेला तुरसिया गांव में शुक्रवार को माहौल बेहद गमगीन रहा। मध्य प्रदेश के भिंड में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गांव के लोगों की मौत के बाद परिवारों में मातम पसरा है। अपनों को खोने का दर्द झेल रहे परिवारों के बीच न्यूज़ ट्रैक पर खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक ने संज्ञान लिया और पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे विधायक और अधिकारी
शुक्रवार को मोहम्मदी क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, एसडीएम राजेश प्रताप सिंह और सीओ अरुण कुमार सिंह बेला तुरसिया गांव पहुंचे। अधिकारियों और विधायक ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवारों का दुख बांटा और इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
छह परिवारों को दो-दो लाख रुपये की तत्काल मदद
मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो-दो लाख रुपये की सहायता के चेक दिए गए। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। संकट की इस घड़ी में प्रशासन पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई है।
डीएम ने बताया कि छह परिवारों के खातों में दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि पहुंच चुकी है। वहीं दिवंगत भूरे लाल और सर्वेश कुमार के परिजनों के खातों में तकनीकी दिक्कत के कारण अभी राशि नहीं पहुंच सकी है। तकनीकी समस्या को दूर कर सोमवार तक इन दोनों परिवारों को भी सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से मिलेगी अतिरिक्त सहायता
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत पांच लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दिलाई जाएगी। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। वहीं हादसे में घायल लोगों के बेहतर उपचार के लिए संबंधित जिलों के अधिकारियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि घायलों को इलाज में किसी तरह की परेशानी न हो।
आवास और पेंशन समेत कई योजनाओं का मिलेगा लाभ
विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवारों को सरकार की कई योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को 1.20 लाख रुपये और 90 दिन की मजदूरी दी जाएगी। पारिवारिक लाभ योजना के तहत 30 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। वहीं सीएम बाल सेवा योजना के तहत पात्र बच्चों को 2,500 रुपये प्रतिमाह प्रति बच्चा सहायता दी जाएगी।
निराश्रित महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दिलाई जाएगी। पात्र परिवारों को शौचालय के लिए 12 हजार रुपये की सहायता भी मिलेगी। इसके अलावा पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनवाकर उन्हें अंत्योदय योजना से जोड़ा जाएगा, ताकि परिवारों को सरकारी राशन का लाभ मिल सके।
अधिकारियों को गांव में ही प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश
विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों से कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। अधिकारी खुद गांव पहुंचकर आवश्यक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कराएं और जो परिवार पात्र हैं, उन्हें योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाए।
इस दौरान प्रशासनिक और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से परिवारों को भरोसा दिलाया गया कि हादसे से प्रभावित लोगों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और जरूरी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कराया जाएगा।


