Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में हाईटेंशन लाइन से बस में करंट, महिला की मौत

Lakhimpur Kheri News: बारातियों से भरी बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से सात लोग गंभीर रूप से झुलसे, एक महिला की मौत हुई, कई अन्य घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं।

Sharad Awasthi
Published on: 11 Jun 2026 9:35 PM IST
Woman dies in bus from high tension line in Lakhimpur
X

 लखीमपुर खीरी में हाईटेंशन लाइन से बस में करंट, महिला की मौत (Photo- Newstrack)

Lakhimpur Kheri News: कस्बा खीरी के मोहल्ला पट्टी रामदास में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब बारातियों से भरी एक बस हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस किसी कारणवश हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। हादसे में सात बाराती गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि आधा दर्जन से अधिक अन्य लोग भी घायल हुए हैं। जान बचाने के लिए बारातियों ने बस से कूदकर बाहर निकलने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए मोतीपुरी स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां तीन घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

हादसे में एक महिला की मौत की भी सूचना है। मृतका की पहचान जीनत (23 वर्ष) पुत्री इश्तियाक, निवासी ग्राम छोटा पतवारा, थाना पलिया, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।

घायलों में प्रमुख रूप से सादमान (12 वर्ष) पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी धौरहरा, सायदा बेगम (65 वर्ष) पत्नी जलालुद्दीन निवासी भिखारीपुर, जिला पीलीभीत तथा अनबिया (6 वर्ष) पुत्री पप्पू निवासी उझानी, जिला बदायूं शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

मेडिकल कॉलेज में घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, प्रशासन ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

Next Story