TRENDING TAGS :
Lakhimpur Kheri News: बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में फंसी एसडीएम साहब की गाड़ी, ट्रैक्टर की मदद से निकाली गई बाहर, बाल-बाल बचे अधिकारी
Lakhimpur Kheri News: निघासन के कुछ गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ा है। एसडीएम ने राहत शिविर, बंधे और व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को मदद के निर्देश दिए। ग्रामीणों पर नजर रखी गई।
बाढ़ प्रभावित गांवों में बढ़ा खतरा, एसडीएम ने लिया तैयारियों का जायजा (Photo- Newstrack)
Lakhimpur Kheri News: निघासन-खीरी में मंगलवार को उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह ने राजस्व टीम के साथ क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त गांवों और राहत चौकियों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने और जरूरत के समय तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी सबसे पहले लुधौरी पहुंचे। यहां पंचायत भवन में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश लेखपाल श्वेता सिंह को दिए।
इसके बाद उपजिलाधिकारी रानीगंज गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और गांव में बने बंधे का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बाढ़ के बढ़ते खतरे को देखते हुए राजस्व टीमों को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
कई गांवों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
एसडीएम यदुवीर सिंह ने बताया कि पुरैना, मदनापुर, लालबोझी, कामता पुरवा, दौलतापुर, सुरजी पुरवा और नौगवां समेत कई गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने संबंधित राजस्व टीमों को इन गांवों में लगातार मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक समय से मदद पहुंचाई जा सके।
ग्रामीणों के आवागमन को देखते हुए ट्रैक्टर और नावों की व्यवस्था भी कराई गई है। एसडीएम ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी गांव में घरों के अंदर पानी भरने की स्थिति बनती है तो प्रभावित परिवारों को लंच पैकेट और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की ओर से बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
पुरैना जाते समय हादसे का शिकार होने से बची सरकारी गाड़ी
बाढ़ प्रभावित गांव पुरैना की स्थिति का जायजा लेने जा रहे उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह की सरकारी गाड़ी भी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। लुधौरी से पुरैना जाने वाले मार्ग पर पानी भरा हुआ था। इसी दौरान अचानक सरकारी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और उसका अगला पहिया सड़क से उतरकर गहरे गड्ढे में जा गिरा। इससे वाहन पलटते-पलटते बच गया।
हादसे के समय गाड़ी में उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह के साथ गार्ड कमलेश कुमार तिवारी, राजस्व निरीक्षक शशिप्रकाश तोमर और लेखपाल श्वेता सिंह भी मौजूद थीं। वाहन का पहिया गहरे गड्ढे में जाने के बाद सभी ने पानी में उतरकर काफी मशक्कत की और उपजिलाधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाला।
ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाली गई सरकारी गाड़ी
पानी अधिक होने के कारण काफी प्रयास करने के बावजूद सरकारी वाहन को मौके से बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद ट्रैक्टर की मदद ली गई। ट्रैक्टर से गाड़ी को खींचकर बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद बाढ़ प्रभावित मार्गों पर आवागमन के दौरान सावधानी बरतने की स्थिति भी सामने आई। प्रशासन की टीमें लगातार बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर हालात का जायजा ले रही हैं और ग्रामीणों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी में जुटी हैं।


