Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी में 14 जून को जीआईसी प्रवक्ता परीक्षा, 6257 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी के 15 परीक्षा केंद्रों पर 14 जून को जीआईसी प्रवक्ता पद की परीक्षा होगी। डीएम ने बैठक कर निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण आयोजन के निर्देश दिए।

Sharad Awasthi
Published on: 12 Jun 2026 5:25 PM IST
6257 candidates to participate in GIC spokesperson examination in Lakhimpur Khiri on June 14
X

लखीमपुर खीरी में 14 जून को जीआईसी प्रवक्ता परीक्षा, 6257 अभ्यर्थी होंगे शामिल (Photo- Newstrack)

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी। जिले में 14 जून को आयोजित होने वाली प्रवक्ता (महिला/पुरुष) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा जिले के 15 केंद्रों पर एक पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होगी। इस परीक्षा में 6257 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की। बैठक का संचालन एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र ने किया। बैठक में अधिकारियों को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों और दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

परीक्षा संबंधी कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डीएम ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा संबंधी कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा केंद्र में ले जाने पर रोक

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सघन जांच करने और मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट घड़ी, कैलकुलेटर समेत सभी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आयोग के समन्वयी पर्यवेक्षक ने परीक्षा संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

Next Story