TRENDING TAGS :
Lakhimpur Kheri News: बकरीद शांतिपूर्ण, डीएम-एसपी ने किया दौरा, सफाई व्यवस्था का निरीक्षण
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। डीएम और एसपी ने क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
Lakhimpur Kheri News(Photo-Social Media)
Lakhimpur Kheri News: जनपद में बकरीद का पर्व परंपरा, उल्लास और सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर जिले में अमन और भाईचारे का संदेश देते हुए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने जिला मुख्यालय सहित खीरी टाउन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मुस्लिम समुदाय को बकरीद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और लोगों से मिलकर सांप्रदायिक सौहार्द को और मजबूत करने का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम (सदर) अश्विनी कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि लखीमपुर खीरी की पहचान आपसी प्रेम, सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब से है। यहां सभी समुदाय मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं, जिससे जिले की सामाजिक एकता और मजबूत होती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रही। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, अमित कुमार राय, सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार तिवारी सहित सभी उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहे। डीएम और एसपी लगातार अधिकारियों से स्थिति की रिपोर्ट लेते रहे।
बकरीद पर सफाई व्यवस्था पर विशेष फोकस
बकरीद के मौके पर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन विशेष रूप से सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के निर्देश पर नगर निकायों द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कुर्बानी के अवशेषों को घर-घर से एकत्र करने के लिए नगर निकाय की गाड़ियां तैनात की गईं। अवशेषों के सुरक्षित और समुचित निस्तारण के लिए पहले से ही निर्धारित स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। जिलाधिकारी ने खीरी टाउन में सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने सफाई कर्मियों की तैनाती, संग्रह व्यवस्था और स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए और अवशेषों का प्रभावी एवं सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


