TRENDING TAGS :
Lakhmipur Kheri News: लखीमपुर खीरी में योग दिवस की तैयारी तेज, हर पंचायत में होगा सामूहिक योगाभ्यास
Lakhmipur Kheri News: लखीमपुर खीरी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन की पहल पर जिले की सभी पंचायतों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
Lakhmipur Kheri News(Photo-Social Media)
Lakhmipur Kheri News: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) को इस बार गांव-गांव तक जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की ओर से ग्राम प्रधानों को भेजे गए संदेश के बाद लखीमपुर खीरी जनपद का प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह (Anjani Kumar Singh) और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार (Abhishek Kumar) ने ग्राम प्रधानों के साथ वर्चुअल बैठक कर योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की और स्पष्ट संदेश दिया कि 21 जून को जिले की कोई भी पंचायत योग कार्यक्रम से अछूती नहीं रहनी चाहिए।
स्वस्थ गांव विकसित भारत की मजबूत नींव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में ग्राम प्रधानों से आह्वान किया है कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे लोगों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ गांव ही विकसित भारत (Developed India) की सबसे मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" (Yoga for Healthy Ageing) रखी गई है। इस थीम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि समाज का हर वर्ग योग के लाभों से जुड़ सके।
हर पंचायत में योग दिवस को जनभागीदारी का उत्सव बनाने पर जोर
प्रधानमंत्री के संदेश के बाद जिले में योग दिवस की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि योग दिवस को केवल सरकारी कार्यक्रम के रूप में नहीं बल्कि जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर पंचायत भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को योग स्थलों के रूप में तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि 21 जून को प्रत्येक गांव में अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को जोड़ने की अपील
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की कला भी है। उन्होंने कहा कि यदि गांव स्वस्थ होंगे तो विकसित भारत का सपना भी तेजी से साकार होगा। इसलिए ग्राम प्रधानों की जिम्मेदारी है कि वे अधिक से अधिक लोगों को योग दिवस कार्यक्रम से जोड़ें और इसके प्रति जागरूक करें।
ग्राम प्रधानों को बताया अभियान की सबसे अहम कड़ी
मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने कहा कि ग्राम प्रधान इस पूरे अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी से ही योग दिवस का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंच सकेगा। उन्होंने प्रधानों से आयोजन स्थलों की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योग दिवस को सफल बनाने के लिए गांव स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
वर्चुअल बैठक में तैयारियों की समीक्षा
वर्चुअल बैठक के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह (Vishal Singh) ने बैठक की आवश्यकता और प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने योग दिवस के सफल आयोजन के लिए ग्राम प्रधानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। बैठक का संचालन भी सुव्यवस्थित ढंग से किया गया और सभी ग्राम प्रधानों से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया। प्रशासन का लक्ष्य है कि 21 जून को जिले की प्रत्येक पंचायत में सामूहिक योगाभ्यास हो और योग का संदेश गांव-गांव तक पहुंचे, जिससे यह अभियान एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ले सके।


