Lakhimpur Kheri News: सीएम डैशबोर्ड में लखीमपुर खीरी का परचम, प्रदेश में तीसरे स्थान पर जिला

Lakhimpur Kheri News: सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में लखीमपुर खीरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। जिले की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर निगरानी व्यवस्था को इस उपलब्धि का श्रेय दिया जा रहा है।

Sharad Awasthi
Published on: 10 Jun 2026 5:28 PM IST
Lakhimpur Kheri News
X

Lakhimpur Kheri News(Photo-Social Media)

Lakhimpur Kheri News: बेहतर प्रशासन, प्रभावी मॉनिटरिंग और मजबूत टीम वर्क के दम पर लखीमपुर खीरी ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की मई माह की रैंकिंग में जनपद ने पूरे उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता ने न केवल जिले की प्रशासनिक कार्यशैली को नई पहचान दी है, बल्कि शासन स्तर पर भी जिले के कार्यों को मजबूती से स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने में डीएम अंजनी कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक कुमार की सक्रिय कार्यशैली एवं सतत निगरानी का प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में प्रशासनिक मशीनरी ने योजनाओं के क्रियान्वयन, जन शिकायतों के निस्तारण और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर जिले को प्रदेश के शीर्ष जनपदों की श्रेणी में पहुंचा दिया।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के आंकड़ों के अनुसार जनपद ने आधारभूत विकास,जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न सरकारी परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं राजस्व विभाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि प्रशासनिक समन्वय, जवाबदेही और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति का प्रमाण मानी जा रही है।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनपद का लक्ष्य केवल रैंकिंग हासिल करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध क्रियान्वयन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के कारण यह सफलता संभव हो सकी है। उन्होंने सभी विभागों से इसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

Next Story