TRENDING TAGS :
Lakhimpur Kheri News: स्वगणना अभियान में दिखा उत्साह, अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में स्वगणना अभियान के तहत केंद्रीय कर्मचारियों, बैंक, डाक और न्यायिक अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी की। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने लोगों को जागरूक किया।
Lakhimpur Kheri News(Photo-Social Media)
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में बुधवार को स्वगणना अभियान के तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता और उत्साह देखने को मिला। केंद्रीय कर्मचारियों, कोषागार कर्मियों और पेंशनर्स ने न केवल अपनी स्वगणना पूरी की, बल्कि सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अन्य लोगों को भी इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोगों ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। बैंक कर्मियों, आयकर विभाग, डाक विभाग और एसएसबी जवानों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिला प्रशासन ने इस दिन को विशेष रूप से केंद्रीय कार्मिकों के लिए समर्पित किया था।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि स्वगणना अभियान के प्रथम चरण में नागरिकों को मकान गणना और सूचीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल पर 34 प्रश्नों के उत्तर देकर स्वगणना पूरी की जा सकती है। प्रक्रिया पूर्ण होने पर एक यूनिक आईडी जनरेट होती है, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 22 मई से 22 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर विवरण का सत्यापन करेंगे, जिसमें नागरिक अपनी आईडी के माध्यम से डेटा की पुष्टि कर सकेंगे।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि इस 15 दिवसीय अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें और इसे सफल बनाने में सहयोग दें। इसी बीच जिला न्यायालय परिसर में भी स्वगणना अभियान की गूंज सुनाई दी। जनपद न्यायाधीश शिव कुमार सिंह ने स्वयं स्वगणना प्रक्रिया पूरी कर उदाहरण प्रस्तुत किया। तहसीलदार सदर मुकेश कुमार ने न्यायालय पहुंचकर न्यायिक अधिकारियों को प्रक्रिया की जानकारी दी और ऑनलाइन फॉर्म भरवाकर अभियान को गति दी। न्यायिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से अभियान को नई ऊर्जा मिली है। इस अवसर पर “पहले स्वयं, फिर प्रेरित करें” का संदेश भी प्रभावी रूप से सामने आया।


