Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर में लापता ऑटो चालक मामले का खुलासा, दो बाल अपचारी पकड़े

Lakhimpur Kheri News: फरधान पुलिस ने दो बाल अपचारियों को हिरासत में लेकर ऑटो चालक विनीत कुमार का शव नहर किनारे झाड़ियों से बरामद किया, ई-रिक्शा भी मिला।

Sharad Awasthi
Published on: 9 Aug 2026 5:31 PM IST
Missing auto driver Murder case revealed in Lakhimpur
X

लखीमपुर में लापता ऑटो चालक मामले का खुलासा, दो बाल अपचारी पकड़े (Photo- Newstrack)

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के फरधान थाना क्षेत्र में लापता ऑटो चालक विनीत कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। दोनों की उम्र 17 और 15 वर्ष बताई गई है और वे फरधान थाना क्षेत्र के ग्राम देवरिया के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, ई-रिक्शा की टक्कर को लेकर बनी रंजिश के चलते दोनों ने विनीत कुमार की हत्या की थी।

गुमशुदगी की सूचना के बाद शुरू हुई जांच

ग्राम सूरजसराय निवासी पंकज कुमार पुत्र श्रवण कुमार ने अपने भाई विनीत कुमार के लापता होने की सूचना थाना फरधान पुलिस को दी थी। सूचना के आधार पर थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई और मामले की विवेचना थानाध्यक्ष फरधान को सौंपी गई। पुलिस ने लापता विनीत कुमार की सकुशल बरामदगी और पूरे मामले का खुलासा करने के लिए थाना फरधान पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीमें गठित कीं।

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान संयुक्त पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। टीम ने भंसड़िया क्रॉसिंग, दीन दयाल उपाध्याय चौराहा, खखरा चौराहा और छाउछ चौराहा समेत कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया। इसके साथ ही सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स की भी जांच की गई।

इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध बाल अपचारियों को हिरासत में लिया। दोनों से पुलिस ने गहनता से पूछताछ की।

पूछताछ में हत्या की बात सामने आई

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों बाल अपचारियों ने विनीत कुमार की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से विनीत कुमार की गला दबाकर हत्या की थी। इसके बाद घटना के साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को अमानलाला पुल के पास नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था।

पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर नहर किनारे झाड़ियों से विनीत कुमार का शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद पुलिस ने नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी सदर खीरी भेज दिया।

घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी बरामद

पुलिस की कार्रवाई में घटना में इस्तेमाल किए गए ई-रिक्शा को भी बरामद किया गया है। इसके अलावा लापता ई-रिक्शा की बैटरी भी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और मुखबिर की सूचना के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए संयुक्त टीम आरोपियों तक पहुंची।

थाना फरधान पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए गुमशुदगी और अपहरण से जुड़े इस हत्या के मामले का खुलासा किया है। मामले में दोनों बाल अपचारियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

वरिष्ठ संवाददाता, लखीमपुर खीरीLakhimpurSharadAwasthi@newstracksite.vocalwire.com
Next Story