Lakhimpur: प्राथमिक विद्यालय खंजननगर ने रचा इतिहास, स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में पांच छात्राओं का चयन

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के प्राथमिक विद्यालय खंजननगर की पांच छात्राओं का स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में चयन, लगातार तीसरे वर्ष रचा इतिहास।

Sharad Awasthi
Published on: 13 Jun 2026 8:09 AM IST
Lakhimpur: प्राथमिक विद्यालय खंजननगर ने रचा इतिहास, स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में पांच छात्राओं का चयन
X

Lakhimpur Kheri News 

Lakhimpur News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जनपद के खीरी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय खंजननगर ने एक बार फिर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय की पांच छात्राओं का वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में अंतिम चयन हुआ है। लगातार तीसरे वर्ष यह सफलता प्राप्त कर विद्यालय ने उपलब्धियों की हैट्रिक लगा दी है।

विशेष बात यह है कि किसी एक परिषदीय विद्यालय से एक ही सत्र में पांच छात्राओं का स्पोर्ट्स कॉलेज में अंतिम चयन कराने वाला यह जनपद लखीमपुर खीरी का लगातार दूसरा अवसर है, जब प्राथमिक विद्यालय खंजननगर ने प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं पिछले तीन वर्षों में विद्यालय के कुल 11 छात्र-छात्राओं का चयन स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में हो चुका है, जिससे यह उपलब्धि हासिल करने वाला उत्तर प्रदेश का पहला परिषदीय विद्यालय बन गया है।

शैक्षिक सत्र 2024-25 में छात्रा सोनाली देवी का जिम्नास्टिक खेल में चयन हुआ था। वहीं 2025-26 में सरिता देवी, पूजा देवी, अंकिता पाल, साहिबा तथा अनमोल पाल ने जिम्नास्टिक में सफलता प्राप्त की। वर्तमान शैक्षिक सत्र 2026-27 में आरूषी देवी, रीमा और सोनी का चयन जिम्नास्टिक तथा आकांक्षा राज और रूबी देवी का चयन जूडो खेल के लिए हुआ है।

विद्यालय के शिक्षक सलीम अहमद के मार्गदर्शन एवं अथक प्रयासों से छात्राओं ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि इसके लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और धैर्य की आवश्यकता होती है। चयनित छात्राओं ने पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी विशेष रुचि दिखाई और विद्यालय स्तर से लेकर न्याय पंचायत, विकास खंड, जनपद एवं मंडल स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

उत्तर प्रदेश कॉलेजेज सोसायटी, लखनऊ के अधीन आयोजित चयन प्रक्रिया के दो चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद इन छात्राओं का प्रवेश वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में सुनिश्चित हुआ है।इन छात्राओं में से रीमा, आकांक्षा राज और सोनी के पिता मजदूरी करते हैं जबकि आरूषी देवी और रूबी देवी के पिता कृषि कार्य से जुड़े हैं।

सीमित संसाधनों के बावजूद इन बेटियों ने अपनी मेहनत और लगन से यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं।छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों तथा क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। सभी ने चयनित छात्राओं एवं शिक्षक सलीम अहमद को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

Next Story