TRENDING TAGS :
Lakhimpur kheri News: लखीमपुर खीरी में आधार बेस्ड ऑनलाइन अटेंडेंस अनिवार्य, तभी होगा वेतन आहरण: डीएम
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने पीडब्ल्यूडी कार्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान आधार बेस्ड ऑनलाइन अटेंडेंस अनिवार्य करने के निर्देश दिए। ऑनलाइन हाजिरी के बाद ही वेतन आहरण होगा।
Lakhimpur Kheri News
Lakhimpur kheri News: सरकारी दफ्तरों में अब सिर्फ उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर से काम नहीं चलेगा। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने साफ कर दिया है कि आधार बेस्ड ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज होने के बाद ही वेतन आहरण की कार्रवाई होगी। मंगलवार को उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यालयों में अचानक पहुंचकर न सिर्फ अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति परखी, बल्कि कार्यालयीय अनुशासन की भी बारीकी से जांच की।डीएम ने प्रांतीय खंड, निर्माण खंड-एक और निर्माण खंड-तीन के कार्यालयों का क्रमवार निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने वाले कर्मचारियों को उन्होंने अपने सामने बुलाकर वास्तविक उपस्थिति का सत्यापन किया। उन्होंने कहा कि केवल पंजिका में हस्ताक्षर करना पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को अपने मोबाइल से आधार बेस्ड ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज करनी होगी।
फील्ड में जाने से पहले ऑनलाइन हाजिरी जरूरी
डीएम ने फील्ड में तैनात सहायक अभियंताओं, अवर अभियंताओं और अन्य कार्मिकों के लिए भी व्यवस्था स्पष्ट कर दी। उन्होंने निर्देश दिया कि फील्ड पर रवाना होने से पहले कार्यालय में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करनी होगी। इसके बाद भ्रमण पंजिका में पूरा विवरण अंकित करके ही फील्ड में जाना होगा।किसी प्लांट अथवा अन्य स्थल के निरीक्षण के लिए जाने पर भ्रमण का विवरण एक दिन पहले पंजिका में दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और अनुशासन प्रशासन की प्राथमिकता है। आधार बेस्ड ऑनलाइन अटेंडेंस से कार्मिकों की वास्तविक उपस्थिति की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होगी।
बिना कार्यालय आए नहीं लगेगी ऑनलाइन हाजिरी
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला सूचना विज्ञान केंद्र के माध्यम से सभी कार्मिकों का आवश्यक डाटा फीड कराते हुए आधार बेस्ड ऑनलाइन अटेंडेंस अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना कार्यालय आए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की जा सकेगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित व्यवस्था का गंभीरता से पालन करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता तरूणेन्द्र त्रिपाठी, अनिल कुमार यादव, केके झा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। खास बात यह रही कि डीएम अंजनी कुमार सिंह स्वयं भी कलेक्ट्रेट में आधार बेस्ड ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज करते हैं।


