Lakhimpur Kheri News: विलोबी मैदान में विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, 20 जून तक चलेगा आयोजन

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के विलोबी मैदान में विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। 20 जून तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न सरकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन को दी जाएगी।

Sharad Awasthi
Published on: 17 Jun 2026 5:54 PM IST
Lakhimpur Kheri News
X

Lakhimpur Kheri News(Photo-Social Media)

Lakhimpur Kheri News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में लखीमपुर खीरी के विलोबी मैदान में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। विकास, विश्वास और जनकल्याण की थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और विकास कार्यों को चित्रों, मॉडलों तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी और भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार की उपस्थिति में संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए करीब 25 स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनी में ‘विकसित उत्तर प्रदेश-2047’ की परिकल्पना के साथ महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, धार्मिक स्थलों के विकास और प्रदेश में बेहतर हुई कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों की झलक भी लोगों को देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए गए। धात्री महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मकानों की चाबियां सौंपी गईं, जबकि आयुष्मान कार्ड और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत पांच-पांच लाख रुपये के डेमो चेक भी वितरित किए गए।

मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्रों से सजा सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने यहां सेल्फियां लीं। वहीं एलईडी वैन पर प्रदर्शित 12 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित वीडियो फिल्म ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। फिल्म के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।

भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और गरीबों के उत्थान के लिए सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं और विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश आत्मनिर्भरता तथा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यह प्रदर्शनी 20 जून तक संचालित होगी, जहां आमजन विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ उनका लाभ भी उठा सकेंगे।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री राजेश कुमार सिंह, भाजपा नेता कुलभूषण सिंह, जितेंद्र साहनी, डॉ. अखिलेश वर्मा, उमाशंकर मिश्र, पन्नालाल अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, डीपीआरओ विशाल सिंह, डीसी-एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्र, डीपीओ भारत प्रसाद, डीएसडब्ल्यूओ वंदना सिंह, उपायुक्त उद्योग रूपेश कुमार, एडीआईओ नरेंद्र कुमार, प्रचार सहायक लोकेश कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Sharad Awasthi
ABOUT THE AUTHOR

Sharad Awasthi

Next Story